लखनऊ। मड़ियांव के गायत्रीनगर में मामूली विवाद में अरविंद कुमार मिश्रा ने पत्नी बबीता मिश्रा को डंडों से बुरी तरह से पीटा। फिर दांतों से उसकी नाक काटकर अलग कर दी। पिता राघवेंद्र ने रविवार को बेटे के खिलाफ मड़ियांव थाने में एफआईआर दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
राघवेंद्र के मुताबिक शनिवार शाम पांच बजे घर में पत्नी राजकुमारी के अलावा बेटा व बहू थी। तभी अरविंद का बबीता से किसी बात पर विवाद हो गया। उसने डंडों से उसे पीटना शुरू कर दिया। चीख सुनकर जब राजकुमारी बहू को बचाने दौड़ीं तो अरविंद ने उनकी भी पिटाई कर दी।
राजकुमारी ने राघवेंद्र को कॉल कर घटना की जानकारी दी। तभी अरविंद किचन से चाकू ले आया और बबीता पर हमला करने के लिए दौड़ा। राजकुमारी ने किसी तरह चाकू छीनकर फेंका तो अरविंद ने दांतों से बबीता की नाक काटकर अलग कर दी।
लहूलुहान बबीता जमीन पर गिरी तो अरविंद भाग निकला। शोर सुनकर पड़ोस में रहने वाला राघवेंद्र का छोटा बेटा पत्नी के साथ मौके पर पहुंचा और बबीता को ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया। इंस्पेक्टर शिवानंद मिश्रा के मुताबिक राघवेंद्र ने बताया कि अरविंद आए दिन पत्नी व मां को पीटता है। यह भी डर जताया कि वह उनकी हत्या कर सकता है। इसके बाद पुलिस ने आरोपी अरविंद को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।