लखनऊ। कागजों पर मृतक दिखा समाज कल्याण विभाग ने 70 साल की राम दुलारी की पेंशन बंद कर दी। सवा साल से वह दफ्तरों के चक्कर लगाकर अपने जिंदा होने का सुबूत दे रही हैं, लेकिन सुनवाई नहीं हो रही है। सोमवार को वह बख्शी का तालाब तहसील पहुंचीं और समाधान दिवस पर अफसरों से गुहार लगाई। एसडीएम से कहा, .....साहब मैं जिंदा हूं। फिर भी पेंशन बंद कर दी गई, हाथ जोड़ रही, इसे जारी करवा दीजिए।
एसडीएम ने दौलतपुर के चकबनकट निवासी राम दुलारी की शिकायत सुनी। उन्होंने समाज कल्याण विभाग के अधिकारी को जल्द समाधान करने के निर्देश दिए। ये भी कहा कि जांच कराएं कि आखिर किसने और किस आधार पर राम दुलारी की पेंशन बंद की। अगर कोई जांच में दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई करें।
उधर, डीएम विशाख जी ने सदर तहसील में जनसुनवाई की। यहां कई शिकायतें प्रधानमंत्री आवास संबंधी थीं, जिसमें उचित कार्रवाई के निर्देश दिए गए। यहां कुल 17 शिकायतें आईं। इनमें से आठ का मौके पर ही निस्तारण किया गया। बीकेटी तहसील में दौलतपुर के ग्रामीणों ने गांव में दाह संस्कार के लिए जमीन आरक्षित करने की मांग की। इसके अलावा हनुमंतपुर की रहने वाली कमला देवी ने बताया कि तीन साल पहले उनका प्रधानमंत्री आवास बनकर तैयार हो गया था। उसमें उन्होंने काम किया था, लेकिन आज तक उनको मजदूरी का भुगतान नहीं मिला। एसडीएम ने सचिव से पूछा तो वह टालमटोल करने लगे। उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द भुगतान कराया जाएगा।
पति लापता....गुमशुदगी दर्ज कराने को दस साल से भटक रही दिव्यांग पत्नी
निगोहां के मगटईया निवासी दिव्यांग श्रीमती मोहनलालगंज तहसील में लगे समाधान दिवस में पहुंचीं। एडीएम को बताया कि दस साल पहले उनके पति लापता हो गए थे, तब से नहीं मिले। गुमशुदगी दर्ज कराने के लिए कई बार थाने गई, लेकिन सुनवाई नहीं हुई। एडीएम सिटी महेंद्र सिंह ने वहां मौजूद पुलिस अफसर को निर्देश दिए कि गुमशुदगी दर्ज कर कार्रवाई करें। इसके अलावा खुजौली गांव के प्रधान रामकुमार ने शिकायत की कि ग्राम समाज की जमीन पर अवैध कब्जा कर निर्माण कराया जा रहा है। एडीएम ने तहसीलदार को तत्काल कार्य रुकवाने का आदेश दिया। साथ ही जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए।
बसाें की टाइमिंग में हो बदलाव
मलिहाबाद तहसील में स्थानीय निवासी यूसुफ खान ने प्रार्थना पत्र देते हुए बताया कि घंटाघर चौक से मलिहाबाद की तरफ आने वाले ई-बसों का संचालन शाम छह बजे तक ही होता है। ऐसे में सात व उसके बाद आने वाले लोगों को काफी दिक्कत होती है। इसलिए बसों की टाइमिंग बढ़ाई जाए। कम से कम रात 9 बजे तक। वहीं, गदिया खेड़ा जिंदौर निवासी राजाराम ने बताया कि गोशाला से गोवंश योजना के तहत गोवंश लिए थे, लेकिन एक वर्ष से राशि नहीं मिली है। इससे गोवंशों को चारा पानी देने में दिक्कत आ रही है। अफसरों ने मामले में आश्वासन दिया।
पौधे नष्ट कर शुरू कर दी खेती
सरोजनीनगर तहसील में भटगांव के बचाखेड़ा निवासी ग्रामीणों ने बताया कि राजस्व अभिलेखों में बंजर के रूप में दर्ज गाटा संख्या - 64स, रकबा 0.759 भूमि पर ब्लॉक निधि के जरिये 10 जुलाई को पौधरोपण किया गया था, तब यहां 1400 पेड़ लगाए गए थे, लेकिन गांव के ही कुछ दबंग लोगों ने पौधों को नष्ट कर उस पर खेती करना शुरू कर दी है। मामले में जांच के आदेश दिए गए हैं। मौंदा गांव की ग्राम प्रधान संगीता ने टीएस मिश्रा हॉस्पिटल होते हुए आगरा एक्सप्रेस वे तक जाने वाली सड़क की मरम्मत करने की मांग की।
समाधान दिवस में समस्या सुनते अधिकारी।
समाधान दिवस में समस्या सुनते अधिकारी।
समाधान दिवस में समस्या सुनते अधिकारी।