फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

गाजियाबाद में बीसीसीआई बनाएगा अंतर्राष्ट्रीय स्तर का स्टेडियम

Sat, 03 Nov 2018 07:00 AM IST
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, लखनऊ
विज्ञापन
प्रतीकात्मक तस्वीर
विज्ञापन
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) गाजियाबाद में अंतर्राष्ट्रीय स्तर का क्रिकेट स्टेडियम बनाएगा। इसके लिए जमीन की व्यवस्था कर ली गई है। यह जानकारी यूपी क्रिकेट एसोसिएशन के एक प्रतिनिधि ने यहां औद्योगिक विकास मंत्री सतीश महाना की अध्यक्षता में आयोजित निवेशकों की एक बैठक में दी।
विज्ञापन


महाना शुक्रवार को मुख्य सचिव डा. अनूप चंद्र पांडेय के साथ योजना भवन में इन्वेस्टर्स समिट में एमओयू करने वाले निवेशकों से मुखातिब थे। इन निवेशकों के प्रोजेक्ट का दूसरे शिलान्यास समारोह (ग्राउण्ड ब्रेकिंग सेरेमनी) में शिलान्यास की तैयारी है। 

द्वितीय चरण में लगभग एक लाख करोड़ के निवेश वाली 150 से अधिक परियोजनाओं के शिलान्यास की योजना है। यहां यह भी बताया गया कि यूपी के राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में एसेल ग्रुप 500 इलेक्ट्रिक बसों का संचालन करेगा। 
विज्ञापन


इस संबंध में कार्यवाही तेजी से चल रही है। इसी तरह सिंगापुर इलेक्ट्रिक व्हीकल्स ने प्रदेश में इलेक्ट्रिक वाहन निर्माण इकाई स्थापित करने का फैसला किया है।

बैठक में हथकरघा एवं वस्त्रोद्योग विभाग के अपर मुख्य सचिव रमा रमण, प्रमुख सचिव ऊर्जा आलोक कुमार, प्रमुख सचिव अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास राजेश कुमार सिंह, नोएडा के सीईओ आलोक टंडन, ग्रेटर नोएडा के सीईओ नरेंद्र भूषण, अधिशासी निदेशक उद्योग बंधु व सचिव अवस्थापना  एवं औद्योगिक विकास संतोष यादव, संयुक्त अधिशासी निदेशक, उद्योग बंधु व विशेष सचिव अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास अरुण कुमार आदि बैठक में उपस्थित रहे। 

निवेशकों को परेशान करने वालों के खिलाफ होगी कठोर कार्रवाई : महाना
औद्योगिक विकास मंत्री सतीश महाना ने औद्योगिक क्षेत्रों में निवेशकों को अवस्थापना सुविधाएं उपलब्ध कराने में शिथिलता बरतने वालों के खिलाफ कठोर कार्यवाई की चेतावनी दी है। उन्होंने अफसरों को निर्देशित किया कि उद्योगों को ओपन एक्सेस के माध्यम से बिजली दी जाए, जिससे इकाइयों के संचालन में कोई बाधा न आए।

मुख्य सचिव ने हर निवेशक के प्रोजेक्ट पर अलग-अलग की चर्चा

मुख्य सचिव डा. पांडेय ने संबंधित विभागों के प्रमुख सचिवों व सचिवों के साथ परियोजनाओं से संबंधित मुद्दों को हल करने के लिए एक-एक निवेशक के साथ चर्चा की। उन्होंने अधिकारियों को परियोजना क्षेत्र के लिए शासन स्तर से घोषित नीतियों के तहत सभी सुविधाएं व रियायतें एमओयू करने वाले निवेशकों को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।

पांडेय ने पावर कारपारेशन को निर्देशित किया कि सौर ऊर्जा संयंत्रों से पैदा की जाने वाली बिजली के ट्रांशमिशन के लिए उपलब्ध क्षमता का विवरण तत्काल उपलब्ध कराएं। इससे बिजली के वितरण में किसी तरह की समस्या नहीं आएगी। दूसरे शिलान्यास समारोह में शामिल होने वाले कुछ निवेशकों के साथ बैठक शनिवार को होगी।
विज्ञापन

पहले दिन इन कंपनियों के प्रतिनिधि हुए शामिल

एज्योर पावर इण्डिया लि, भारत एल्यूमिनियम एक्ट्रूशन्स, हाअर इण्डिया, सनलाइट ईंधन प्राइवेट लिमिटेड, एमएम फोर्जिंग प्राइवेट लिमिटेड, जिंदल हैंडटेक्स पी लिमिटेड, कल्याणी इनरवेयर प्राइवेट लिमिटेड, शिव ओम दयाल इनर्जीज़ प्रा. लि., सेंचुरी प्लाईबोर्ड लिमिटेड, आईएल एंड एफएस एनवायरनमेंटल इंफ्रास्ट्रक्चर एंड सर्विसेज लिमिटेड, लावा इंटरनेशनल लिमिटेड सहित लगभग 50 कंपनियों के वरिष्ठ अधिकारियों ने संवाद में भाग लिया। इन कंपनियों ने विभिन्न क्षेत्रों में निवेश का प्रस्ताव दिया है, जैसे- सीमेंट, खाद्य प्रसंस्करण, वस्त्रोद्योग, आईटी, इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण, नवीकरणीय ऊर्जा, डेयरी, इलेक्ट्रिक वाहन आदि।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें