रंजिश में बीसीए छात्र को बेरहमी से पीटा, मारी गोली
लखनऊ। गोमतीनगर के एसआरएस मॉल के पास शनिवार रात 9:30 बजे रंजिश व वर्चस्व के चलते बीसीए छात्र चिनहट के दयाल रेजीडेंसी निवासी शिवाचंद सिंह (22) को कुछ युवकों ने बेरहमी से पीटा और गोली चला दी। गोली उनके बाएं कंधे पर लगी। उनको लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मूल रूप से प्रतापगढ़ निवासी शिवाचंद सिंह बीबीडी से बीसीए द्वितीय वर्ष की पढ़ाई कर रहे हैं। उनके साथी हिमांशु का कहना है कि 18 मार्च को रंजिश के चलते कुछ युवकों ने शिवाचंद के फ्लैट में घुसकर मारपीट, तोड़फोड़ व लूटपाट की थी। शिवाचंद शिकायत लेकर चिनहट पुलिस व एसीपी विभूतिखंड के पास भी गए थे, पर केस दर्ज नहीं हुआ। उलटे पुलिस ने शिवाचंद पर लूट की बात हटाकर मारपीट की तहरीर देने की बात कही।
हिमांशु ने बताया कि शनिवार रात 9 बजे चिनहट पुलिस ने शिवाचंद को बुलाया था। थाने जाने के बाद वह साथियों संग बाइक से एसआरएस मॉल के पास एक दुकान पर चाय पीने लगे। आरोप है कि इस बीच आरोपियों को कहीं से इस बात का पता चला गया और कई युवक लाठी-डंडा लेकर पहुंच गए। शिवाचंद व उनके साथ मौजूद दोस्तों पर हमला कर दिया। पुलिस ने शिवाचंद को लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया। डॉक्टरों ने उनकी हालत खतरे से बाहर बताई है। एसीपी विनय द्विवेदी ने बताया कि घायल छात्र से तहरीर मांगी गई है। कुछ युवकों को हिरासत में लिया गया है।