विद्यार्थियों को कुशल बनाने के साथ ही उद्यमिता से जोड़ेगा बीबीएयू
लखनऊ। बाबासाहेब भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय (बीबीएयू) अब विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ ही स्वरोजगार की दिशा में भी आगे बढ़ने के अवसर देगा। इसके लिए विश्वविद्यालय ने उत्तर प्रदेश सरकार के एमएसएमई विभाग के साथ एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए हैं। इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों को कौशल के साथ-साथ स्टार्टअप शुरू करने में भी मार्गदर्शन और सहायता प्रदान करना है।
बीबीएयू बेकरी, हार्टीकल्चर जैसे रोजगारपरक पाठ्यक्रमों के माध्यम से छात्रों को प्रशिक्षित कर रहा है। अब यदि कोई छात्र व्यवसाय शुरू करना चाहता है, तो विश्वविद्यालय उसे सीएम युवा उद्यमी योजना के अंतर्गत पांच लाख रुपये तक का ऋण प्राप्त करने में भी सहायता करेगा। इसके अलावा, छात्रों के व्यवसायिक विचारों को एमएसएमई विभाग से जोड़ने में भी विश्वविद्यालय मदद करेगा।
यह समझौता इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित सीएम युवा कॉन्क्लेव एंड एक्सपो 2025 के दौरान हुआ। इस दौरान एमएसएमई मंत्री राकेश सचान और बीबीएयू के कुलपति प्रो. राज कुमार मित्तल की उपस्थिति रही।
कुलपति प्रो. मित्तल ने कहा कि यह समझौता विश्वविद्यालय में नवाचार, इनक्यूबेशन और उद्यमिता की संस्कृति को बढ़ावा देगा। साथ ही, यह छात्रों को पढ़ाई के साथ कमाई करने और भविष्य में रोजगार देने वाला बनने की दिशा में प्रेरित करेगा। यूपी सीएम युवा उद्यमी योजना ''वोकल फॉर लोकल'' के लक्ष्य को प्राप्त करने में परिवर्तनकारी कदम साबित हो सकती है।