बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर केंद्रीय विश्वविद्यालय (बीबीएयू) में बीटेक, एमबीए, यूजी, पीजी, डिप्लोमा, एमफिल, पीएचडी और सर्टिफिकेट कोर्सेज में दाखिले के लिए ऑनलाइन आवेदन फॉर्म बुधवार से भरे जा सकेंगे।
48 कोर्सेज में दाखिले के लिए स्नातक अंतिम वर्ष की पढ़ाई कर रहे सभी स्टूडेंट आवेदन कर सकते हैं।
मंगलवार को बीबीएयू अपने फॉर्म वेबसाइट www.bbau.ac.in पर अपलोड करेगा।
सामान्य व ओबीसी के अभ्यर्थियों के लिए ऑनलाइन आवेदन की कीमत 1,500 रुपये और एससी-एसटी व निशक्तों के लिए फॉर्म की कीमत 750 रुपये है।
20 मार्च तक स्टूडेंट ऑनलाइन बैंक चालान के माध्यम से अपनी फीस जमा कर सकेंगे।
23 मार्च ऑनलाइन आवेदन फॉर्म जमा करने की आखिरी तारीख है। बीबीएयू मार्च के अंतिम सप्ताह या फिर अप्रैल के प्रथम सप्ताह में ऑनलाइन एडमिशन टेस्ट करवाएगा।
बीबीएयू के परीक्षा नियंत्रक डॉ. विनोद चंद्रा ने बताया कि पहली बार ऑनलाइन एडमिशन टेस्ट कराया जा रहा है।
देश भर में ऑनलाइन एडमिशन टेस्ट के लिए करीब 65 केंद्र बनाए जाएंगे और लखनऊ सहित उत्तर प्रदेश में 16 केंद्र होंगे।
ऑनलाइन एडमिशन टेस्ट में स्टूडेंट की बॉयोमीट्रिक उपस्थिति दर्ज करवाई जाएगी, ताकि टेस्ट में कोई गड़बड़ी न हो सके।
ऑनलाइन आवेदन भरने में अगर स्टूडेंट्स को कोई दिक्कत होगी तो वे admissions@bbau.ac.in पर ई-मेल कर अपनी समस्याओं का समाधान ले सकते हैं।
डॉ. चंद्रा का कहना है कि बीबीएयू की मंशा है कि देश भर से स्टूडेंट इस परीक्षा में सम्मिलत हों। यूनिवर्सिटी के कोर्सेज के बारे में पूरी जानकारी बीबीएयू की वेबसाइट पर उपलब्ध है।