छात्राओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए मिशन साहसी हो, गरीबों के भोजन की व्यवस्था करनी हो या फिर साफ-सफाई और पर्यावरण अभियान...। हर काम के लिए सूरज तैयार रहते हैं। श्री जय नारायण महाविद्यालय लखनऊ के बीए के छात्र सूरज कुमार प्रथम वर्ष में राष्ट्रीय सेवा योजना से जुड़े थे।
अब यह उनके लिए एक प्रमाणपत्र पाने भर का जरिया नहीं, बल्कि समाज की सेवा करना उनका मकसद बन गया है। सूरज बताते हैं कि शुरुआत से उन्हें सामाजिक कामों में दिलचस्पी थी। इसलिए बीए में दाखिला लेते ही राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) की सदस्यता ले ली थी।
एनएसएस में काम करने के दौरान कई बार मौका मिला कि लोगों के लिए कुछ कर सकूं। इसी वजह से पर्यावरण के प्रति लोगों को जागरूक करने, सफाई अभियान, चारबाग स्टेशन पर गरीबों को भोजन कराने जैसे अभियान शुरू किए, जो आज भी जारी हैं। सूरज के अनुसार इस अभियान में उनके साथी भी काफी मदद करते हैं।