लखनऊ के पांच वर्षीय देवाज्ञ दीक्षित ने गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में अपना नाम दर्ज करा लिया है। देवाज्ञ ने 15 मार्च को केजीएमयू के कलाम सेंटर में एक साथ 394 ड्रम बजाकर यह रिकॉर्ड बनाया है। शहर निवासी राशि और प्रतीक दीक्षित के बेटे देवाज्ञ केजीएमयू में दृष्टिबाधित बच्चों के लिए भी अपनी कला का प्रदर्शन कर चुके हैं।
देवाज्ञ ने ड्रम बजाने की कला अपने पिता से सीखी। घर में पिता ड्रम बजाते थे, धीरे-धीरे देवाज्ञ का भी झुकाव इस दिशा में हो गया। इसने पहला ड्रम शो तीन साल की उम्र में किया। देवाज्ञ विश्व के सबसे छोटे ड्रमर हैं। इसके अलावा घंटी, चम्मच, कटोरी जैसी चीजों से भी ड्रम की ध्वनि निकालने में भी देवाज्ञ माहिर हैं। वह गिटार भी बजा लेते हैं।