फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बाराबंकी: नहर में समाया पूरा परिवार, महिला का शव मिला, पति और दो बच्चे लापता; सर्च अभियान जारी

Fri, 04 Apr 2025 06:59 PM IST
रोहित मिश्र अमर उजाला संवाद, बाराबंकी

सार

Accident in Barabanki: बाराबंकी में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां एक परिवार नहर में समा गया है। पत्नी की लाश मिल गई है लेकिन पति और दो बच्चों की लाश नहीं मिल सकी है। 
विज्ञापन
नहर के पास जारी है सर्च अभियान। - फोटो : अमर उजाला।
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

बाराबंकी जिले के जैदपुर थाना क्षेत्र में बृहस्पतिवार को नहर में एक महिला का शव मिला था। शुक्रवार को शव की पहचान होते ही दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। पता चला कि महिला अपने पति और दो बच्चों के साथ लखनऊ से बाइक पर सवार होकर बाराबंकी घर लौट रही थी। इस दौरान देवा इलाके में बाइक नहर में जा गिरी। पुलिस ने बाइक तो नहर के अंदर से खोज निकाली है, लेकिन महिला के पति व दो मासूम बच्चों का पता नहीं चला है। एसडीआरएफ व पुलिस की कई टीमें करीब 50 किमी तक नहर में सर्च ऑपरेशन चला रही हैं।

विज्ञापन


फतेहपुर कोतवाली क्षेत्र के गंगौली गांव निवासी पवन कुमार (35) अपनी पत्नी उर्मिला (32), बेटी रागिनी (12) और बेटे अर्पित (8) के साथ दो अप्रैल को लखनऊ के मटियारी इलाके में अपने फूफा के बेटे के तिलक समारोह में शामिल होने गए थे। देर रात पूरा परिवार बाइक से निकला, लेकिन घर नहीं पहुंचा। परिजनों ने तलाश शुरू की तो मटियारी के रिश्तेदारों ने बताया कि सभी रात में ही निकल गए थे। घबराए परिजन चिनहट कोतवाली पहुंचे और चारों के लापता होने की सूचना दी तो पुलिस ने भी खोजबीन शुरू कर दी। 

बृहस्पतिवार सुबह जिले के दूसरे छोर पर जैदपुर थाना क्षेत्र के सतावां गांव के पास नहर में एक अज्ञात महिला का शव मिला। जब शव की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हुईं तो शुक्रवार को उसकी पहचान उर्मिला के रूप में हो गई। इसके बाद पुलिस ने सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया।
विज्ञापन


जांच में पता चला कि देवा थाना क्षेत्र में मामपुर नहर पुलिया के पास एक ‘एल’ आकार का मोड़ है। यदि कोई वाहन तेज रफ्तार में आता है और सही समय पर नहीं मुड़ता, तो वह सीधे नहर में गिर सकता है। पुलिस को संदेह हुआ कि पवन की बाइक इसी स्थान पर नहर में गिरी होगी। गोताखोरों की मदद से जब नहर में तलाश की गई तो बाइक बरामद हो गई। इससे यह लगभग तय हो गया कि हादसा यहीं हुआ था और पवन अपनी पत्नी और बच्चों के साथ नहर में गिर गए।

बंद कराया नहर का पानी, हैदरगढ़ तक खोजबीन
पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें लगातार नहर में सर्च ऑपरेशन चला रही हैं। जैदपुर, सिद्धौर होते हुए नहर हैदरगढ़ तक जाती है, इसलिए कई स्थानों पर जाल डालकर खोजबीन की जा रही है। शुक्रवार दोपहर एसपी दिनेश कुमार सिंह ने सिंचाई विभाग के अफसरों से बात कर नहर में पानी बंद करवा दिया। एसपी ने बताया कि जिन थाना क्षेत्रों से नहर गुजरी है, वहां तलाश चल रही है।

परिवार में मचा कोहराम, गांव में मातम
पवन के परिवार में उनके पिता रामनाथ व छोटे भाई अरविंद हैं। उनकी मां का निधन पहले ही हो चुका है। हादसे से गंगौली गांव में मातम छा गया है। रिश्तेदार पिता व भाई को ढाढ़स बंधा रहे हैं।
विज्ञापन





 

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें