अमेठी जिले के इन्हौना इलाके में बाराबंकी की सीमा के पास शनिवार भोर भीषण सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब पिकअप वाहन का टायर पंचर हो गया और यात्री सड़क किनारे खड़े होकर टायर बदल रहे थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, लखनऊ से झारखंड जा रहे पिकअप का टायर बाराबंकी के चिलूला गांव के पास पंचर हो गया। चालक शिवम समेत अन्य यात्री वाहन से उतरकर टायर बदलने लगे। इसी दौरान तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रक ने पिकअप को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी।
ये भी पढ़ें - ऑनलाइन हाजिरी पर सख्ती, माध्यमिक शिक्षा परिषद ने हर हाल में अनुपालन के दिए निर्देश; शिक्षक संगठन नाराज
ये भी पढ़ें - मूसलाधार बारिश से तबाही, बुंदेलखंड और पूर्वांचल में 13 लोगों की मौत; अभी राहत के आसार नहीं
इस हादसे में पिकअप सवार चांद बाबू की मौके पर ही मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल चालक शिवम और यात्री अफजार को लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान शिवम ने भी दम तोड़ दिया। हादसे में पिकअप में सवार अन्य दो यात्री तैयब और नवीन उस समय कुछ दूरी पर खड़े थे, जिससे वे बाल-बाल बच गए।
हादसे की सूचना मिलते ही हैदरगढ़ कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को सीएचसी हैदरगढ़ भेजा। कोतवाल अभिमन्यु मल्ल ने बताया कि यहां हादसा अमेठी के इन्हौना क्षेत्र में हुआ था। मृतक चांद बाबू के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। वहीं दूसरी मौत ट्रॉमा सेंटर में हुई। पुलिस ने अज्ञात फरार ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।