तेज रफ्तार के कहर से हुए तीन अलग-अलग सड़क हादसों में दो युवकों के साथ तीन लोगों की मौत हो गई। मृतकों में एक युवक जनसेवा केंद्र का संचालक होने के साथ ही परिवार का इकलौता पुत्र था। हादसे के बाद तीनों मृतकों के परिवार में कोहराम मचा है।
सफदरगंज थाना क्षेत्र के शिवपुरा गांव निवासी राजकुमार का इकलौता पुत्र विनीत कुमार (23) जनसेवा केंद्र संचालित करता था। मंगलवार को वह एक रिश्तेदारी में आयोजित तिलक समारोह से वापस लौट रहा था। इस दौरान लखनऊ-अयोध्या हाईवे से सिरौलीगौसपुर मार्ग पर कल्याणी नदी के निकट तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर घायल विनीत को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई।
वहीं, हैदरगढ़ कोतवाली क्षेत्र के खरसतिया गांव निवासी मोहित यादव (24) कस्बा हैदरगढ़ में एक दुकान पर काम करता था। पिता दीपचंद्र ने बताया कि मंगलवार देर रात मोहित साइकिल से आ रहा था। इसी दौरान लखनऊ-सुल्तानपुर हाईवे पर नशे में धुत ट्रक चालक ने उसकी साइकिल में टक्कर मार दी। ट्रक की रफ्तार काफी तेज थी। हादसे में घायल हुए युवक की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेते हुए चालक को हिरासत में ले लिया है।
तीसरा हादसा कोठी थाना क्षेत्र में हुआ। इनायतपुर गांव निवासी हरिनाम वर्मा (48) गांव में दूध डेयरी चलाते थे। देर रात साइकिल से मदारपुर तिराहे पर टैंकर को दूध देकर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार किसी अज्ञात वाहन ने उन्हें रौंद दिया। स्थानीय लोग उन्हें सीएचसी कोठी लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। कोठी एसएचओ जितेन्द्र प्रताप सिंह ने टक्कर मारने वाले वाहन की खोजबीन की जा रही है।
मन्नत में पांचवीं मंजिल से गिरकर किशोरी की मौत
लखनऊ हाईवे स्थित शालीमार मन्नत कॉलोनी के ए-4 ब्लॉक में बुधवार रात एक दर्दनाक हादसे में करीब 17 वर्षीय किशोरी की मौत हो गई। क्षेत्रीय लोगों के अनुसार रात करीब नौ बजे अचानक जोर की आवाज और चीख सुनाई दी। जब दौड़कर मौके पर पहुंचे तो देखा कि एक किशोरी खून से लथपथ जमीन पर पड़ी थी। बताया जा रहा है कि किशोरी पांचवीं मंजिल से नीचे गिरी थी। वह टॉप जैसा कुछ पहने थी।
कई लोगों को यह भी आशंका हुई कि शायद उसे किसी ने धक्का दिया है। हालांकि यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि वह खुद गिरी या किसी ने गिराया। कुछ लोगों ने घटना का वीडियो भी बना लिया। देर रात 10:30 बजे के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। अभी तक मृतका की शिनाख्त नहीं हो सकी है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ ही कॉलोनीवासियों से पूछताछ कर रही है।
धमकी से परेशान युवक ने दी जान
शहर कोतवाली के मझपुरा गांव में युवक अमन पाठक का शव मंगलवार देर शाम घर के अंदर फंदे पर लटका मिला था। परिजनों का कहना है कि अमन का प्रेम प्रसंग गांव की एक गैर बिरादरी की युवती से थे। परिजनों का कहना है कि युवती रोज फोन करती थी। युवती शादी करना चाहती थी मगर उसके परिजन अमन को धमका रहे थे। युवक डर गया था। मंगलवार को युवती के परिजन का फोन आने पर भयवश फांसी लगा ली। सीओ सिटी सुमित त्रिपाठी ने बताया कि मामले की जांच हाे रही हैं।
पत्ते तोड़ते समय करंट लगने से युवक की मौत
बकरियों को चारा देने के लिए पत्ते तोड़ने गए एक युवक की करंट के चपेट में आ जाने से मौत हो गई। जहांगीराबाद थाना क्षेत्र के पारा गांव निवासी मोहम्मद रिजवान (40) बुधवार सुबह कादिरपुर चौराहे पर पेड़ पर चढ़कर बकरियों के लिए पत्ते काट रहा था।
इसी दौरान वह ऊपर से गुजर रही 33 हजार केवीए की हाई टेंशन लाइन में दौड़ रहे करंट की चपेट में आ गया। झटका लगते ही रिजवान पेड़ से नीचे गिर पड़ा। मौके पर जुटे लोग उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक के परिवार में पत्नी व दो बच्चे हैं। हादसे से परिवार में कोहराम मचा है। (संवाद)