कोतवाली क्षेत्र में एक युवक ने किशोरी को झांसा देकर सात माह तक उसके साथ दुष्कर्म किया। इस बीच किशोरी गर्भवती हुई तो परिजनों को जानकारी हुई। आनन-फानन में पुलिस को सूचना दी गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया।इसी बीच किशोरी को प्रसव पीड़ा होने पर महिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसने मृत शिशु को जन्म दिया गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
फतेहपुर कोतवाली क्षेत्र की 16 वर्षीय किशोरी को करीब एक साल पूर्व गांव के ही सुनील कुमार ने झांसा देकर प्रेमजाल में फंसा लिया। जैसे-जैसे नजदीकियां बढ़ने लगीं युवक ने उसके साथ दुष्कर्म करना शुरू कर दिया और किशोरी को जल्द शादी करने का झांसा देता रहा। इस बीच किशोरी गर्भवती हो गई। किशोरी की तबीयत बिगड़ी तो परिजन उसे सोमवार को अस्पताल लेकर गए। यहां जांच कराई तो पता चला कि वह गर्भवती है।
ये भी पढ़ें - यूपी का मौसम: प्रदूषित पछुआ हवाओं का प्रदेश में असर दिखना हुआ शुरू, इन जिलों में भारी कोहरे का अलर्ट जारी
ये भी पढ़ें - सिपाही भर्ती पेपर लीक करने के आरोपी रवि अत्री व सुभाष प्रकाश ईडी रिमांड पर, पूछताछ शुरू
परिजनों ने पूछा तो किशोरी ने सुनील कुमार द्वारा शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने की जानकारी दी। परिवार के लोगों ने पीड़िता के साथ कोतवाली पहुंचकर मामले की शिकायत की। इस पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया और आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया। मंगलवार को किशोरी का मेडिकल परीक्षण कराया गया।
हालत बिगड़ने पर उसे सीएचसी से जिला महिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। यहां उसने मृत शिशु को जन्म दिया। सीएमएस डॉ. प्रदीप कुमार ने बताया कि मृत शिशु को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है एवं डीएनए सैंपलिंग कराई जा रही है। कोतवाल डीके सिंह ने बताया कि मां की तहरीर पर आरोपी युवक के विरुद्ध पॉक्सो एक्ट सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज किया गया है।