सामूहिक दुष्कर्म के बाद मारी गई किशोरी के परिवारीजनों को प्रदेश सरकार की ओर से दी गई सहायता राशि का प्रमाण पत्र रविवार को सांसद उपेंद्र रावत ने सौंपा। इसके अलावा विधायक रामनरेश रावत ने भी पहुंचकर परिजनों से मुलाकात की।
प्रदेश सरकार की ओर से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता के रूप में बैंक खाते में सवा आठ लाख रुपये की धनराशि भेजी गई है। इसका प्रमाण पत्र सांसद उपेंद्र रावत ने पीड़ित परिवार को सौंपा। उनके साथ एसडीएम सदर अभय पांडेय व अन्य लोग भी थे।इस दौरान सांसद ने पीड़ित परिवार के घर तक सड़क का निर्माण कराने का वायदा किया। रविवार को बछरावां विधायक रामनरेश रावत भी पीड़ित परिवार से मिलने उनके घर पहुंचे। विधायक को देखकर मृतका का पिता पैर पकड़कर रोने लग।
इस पर विधायक ने पिता को संभाला और चारपाई पर बैठाकर शांत कराया। विधायक ने कहा कि सरकार और जिला प्रशासन आपकी मदद कर रहा है। कोई परेशान हो तो हमें बताएठ। मैं मुख्यमंत्री तक आपकी बात पहुंचाऊंगा। दूसरी तरफ सामूहिक दुष्कर्म व हत्या के आरोप में गिरफ्तार दूसरे अभियुक्त रिषिकेश के पिता ने अपने बेटे को बेकसूर बताते हुए फर्जी केस में फंसाने का आरोप पुलिस पर लगाया है। उसने मामले की पारदर्शिता से जांच की मांग की है।
पांचवें दिन गांव में पुलिस का पहरा
सामूहिक दुष्कर्म के बाद किशोरी की हत्या के पांचवें दिन में भी गांव में पुलिस का पहरा है। गांव पहुंचने वालों की पुलिस निगरानी कर रही है। हर गतिविधि की वीडियो रिकार्डिंग भी कराई जा रही है। कानून व्यवस्था को बनाए रखने के लिए सतरिख के अलावा सफदरगंज व देवा कोतवाली से महिला व सिपाहियों को लगाया गया है। एलआईयू की टीम भी पीड़िता के घर आने- जाने वाले निगरानी व उसकी गतिविधियों की वीडियो रिकार्डिंग कर रही है।