बाराबंकी शराब कांड मौतों का आंकड़ा लगातार बढ़ता जा रहा है। शनिवार को एक और मरीज ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। अब तक 24 लोगों की मौत हो चुकी है।
रानीगंज निवासी रजनीश जैसवाल की लखनऊ में इलाज के दौरान शनिवार को मौत हो गई। इसमें अब मृतकों की संख्या 24 हो गई हैं। आपको बता दें कि रजनीश इस मामले के मुख्य आरोपी पप्पू जैसवाल का चचेरा तो शिवम का साग भाई है।
जहरीला शराब पीने से बीमार पड़े 85 लोगों का अलग-अलग अस्पतालों में इलाज चल रहा है। इस बीच मृतकों के घर से मिली शराब में मिथाइल अल्कोहल मिली होने की आबकारी विभाग ने पुष्टि की है। इसके बाद रानीगंज समेत दो दुकानों के लाइसेंस निरस्त कर दिए गए हैं।
देशी शराब में मिलाई गई थी मिथाइल अल्कोहल
जिले के नए आबकारी अधिकारी राजेंद्र प्रसाद ने बताया कि रानीगंज ठेके की शराब पीकर मरने वाले छोटेलाल के घर में जो शराब मिली थी। उसका सैंपल जांच कराया गया तो उसमें मिथाइल अल्कोहल निकला है। आबकारी अधिकारी ने बताया कि मिथाइल व एथाइल अल्कोहल देखने और सुगंध में एक ही तरह का होता है।
इससे लोग यह अंदाजा नहीं लगा सकते है। एथाइल अल्कोहल से शराब बनती है जबकि मिथाइल अल्कोहल प्रतिबंधित होने के साथ बहुत खतरनाक है। मिथाइल अल्कोहल किसी दुकान पर नहीं मिलता है बल्कि कुछ फैक्ट्री में इसका इस्तेमाल होता है।
छह आरोपी हो चुके गिरफ्तार, एक फरार
एसपी अजय साहनी ने बताया इस मामले में पुलिस ने अब तक जहां पांच मुकदमे दर्ज किए हैं। वहीं छह आरोपियों में दुकान लाइसेंस दानवीर सिंह, आबकारी निरीक्षक रामतीरथ मौर्या, मुख्य सप्लायर पप्पू जायसवाल, सुनील जायसवाल, शिवम व पीतांबर पकड़े जा चुके हैं।
जबकि एक आरोपी मनीष अभी फरार है। जिसके ऊपर पुलिस ने बीस हजार का इनाम घोषित कर रखा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। इसमें अभी कुछ अन्य आरोपियों के नाम भी उजागर हो सकते हैं। आरोपियों को बख्शा नहीं जाएगा। एसपी ने कहा आरोपियों के खिलाफ रासुका की कार्रवाई भी की जाएगी।
अवैध शराब पर पुलिस का शिकंजा, 6 गिरफ्तार, 80 लीटर शराब बरामद
वहीं जिले में जहरीली शराब से हुई मौत के बाद पुलिस ने अवैध शराब के कारोबार का शिकंजा कसा है। अवैध शराब की बरामदगी के लिए शनिवार को हुई करवाई में पुलिस ने 6 लोगो को गिफ्तार किया।
इसके अलावा 50 लीटर शराब बरामद की है। डीएम और एसपी के आदेश पर जिले में एसडीएस और सीओ के नेतृत्व में शराब की सरकारी दुकानों व अन्य जगहों पर छापेमारी करवाई जारी है।