बाराबंकी के लोनीकटरा थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह लखनऊ सुल्तानपुर हाईवे के किनारे बोरे में बंद शव मिलने से हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंची पुलिस में फॉरेंसिक टीम को सूचना दी। टीम ने जांच में पाया कि महिला के सिर पर धारदार हथियार या लाठी डंडे से हमला कर उसकी हत्या की गई है।
मौके पर उपस्थित ग्रामीणों की मदद से कुछ ही देर में महिला की पहचान लोनीकटरा थाना क्षेत्र के ही तहवापुर गांव निवासी किशोरीलाल की पत्नी सावित्री (57) के रूप में हुई। बोरे के अंदर शव के साथ मृतक का आधार कार्ड, पैन कार्ड व अन्य कागज मिले हैं।
लोनीकटरा के थानाध्यक्ष दौमित्र सेन रावत ने बताया कि मामले की पड़ताल की जा रही है। पुलिस गांव पहुंचकर परिजनों से पूछताछ में लगी है जिनका कहना है कि सावित्री देवी बृहस्पतिवार को घर से निकली थी। जल्द ही मामले में कुछ खुलासा होने की उम्मीद है।