सफदरगंज के मौलाबाद गांव में गेहूं की फसल की मड़ाई के दौरान किसान की 11 साल की मासूम बच्ची का दुपट्टा थ्रेसर में फंस गया। चपेट में आई बच्ची थ्रेसर में फंसकर लहूलुहान हो गई। उसे इलाज के लिए सफेदाबाद स्थित हिंद मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। लाडली बिटिया की मौत से बदहवास परिजनों ने घटना की सूचना पुलिस को दिए बिना ही उसका अंतिम संस्कार भी कर दिया है।
मौलाबाद गांव निवासी ओमप्रकाश मंगलवार शाम को अपने खेत में ट्रैक्टर चलित थ्रेसर से गेहूं के फसल की मड़ाई कर रहे थे। पास में ही उनकी 11 वर्षीय पुत्री रिया खेल रही थी। बच्ची के गले में पड़ा दुपट्टा पड़ा था। ग्रामीणों के अनुसार खेलने के दौरान रिया थ्रेसर के करीब आ गई और पंखे की हवा से दुपट्टा थ्रेसर में फंसा तो बच्ची को अपनी ओर खींच लिया। बच्ची के चीखने पर परिजन उसे बचाने के लिए दौड़े।
गंभीर हालत में उसे हिंद अस्पताल ले जा कर भर्ती कराया गया। जहां पूरी रात चले इलाज के बाद बुधवार सुबह मासूम रिया ने दम तोड़ दिया। रोते बिलखते परिजनों ने दोपहर में घटना की जानकारी पुलिस को दिए बिना ही उसका अंतिम संस्कार भी कर दिया।