माई सिटी रिपोर्टर
लखनऊ। पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था लागू करने और पीएलआई योजना को द्विपक्षीय समझौता प्रणाली के तहत लागू करने की मांग को लेकर यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (यूएफबीयू) के पदाधिकारियों और बैंककर्मियों ने शनिवार काले कपड़े पहनकर कार्य करते हुए केंद्र सरकार के खिलाफ नाराजगी जताई।
फोरम के जिला संयोजक अनिल श्रीवास्तव ने कहा कि लंबे समय से पांच दिवसीय बैंकिंग की मांग उठाई जा रही है। इसके लिए बैंककर्मी पहले राष्ट्रव्यापी हड़ताल भी कर चुके हैं, लेकिन अब तक केंद्र सरकार ने इस पर कोई निर्णय नहीं लिया है। भारतीय बैंक संघ पहले ही इस प्रस्ताव पर सहमति दे चुका है।
प्रदेश संयोजक वाईके अरोड़ा, डीके सिंह, एसके. संगतानी, लक्ष्मण सिंह, मनमोहन दास और संदीप सिंह ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार बैंककर्मियों की मांगों की अनदेखी कर रही है। वहीं वीके माथुर, विभाकर कुशवाहा, बीडी पांडेय, विशाखा वर्मा और स्वाति सिंह ने कहा कि स्केल फोर और उससे ऊपर के अधिकारियों के लिए पीएलआई योजना को मनमाने तरीके से लागू किया जा रहा है, जो सुलह प्रक्रिया के खिलाफ है।
मीडिया प्रभारी अनिल तिवारी ने कहा कि मांगें पूरी न होने तक बैंककर्मियों का आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने चेतावनी दी कि केंद्रीय समिति के निर्देश पर आगे भी हड़ताल और अन्य आंदोलनात्मक कार्यक्रम किए जाएंगे।
प्रदर्शन करते बैंककर्मी।
प्रदर्शन करते बैंककर्मी।