लखनऊ। अमौसी एयरपोर्ट से बैंकॉक जाने वाला एयर इंडिया एक्सप्रेस का विमान शनिवार को अचानक कैंसिल कर दिया गया, जिससे यात्री नाराज हो गए। विमान कैंसिल करने के पीछे तकनीकी दिक्कतें बताई जा रही हैं।
चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से बैंकॉक के लिए दो विमान संचालित होते हैं। इसमें एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट आईएक्स-106 सुबह 9:30 बजे रवाना होती है। वापसी में आईएक्स-105 शाम साढ़े छह बैंकॉक से अमौसी एयरपोर्ट आती है। इसी क्रम में दूसरी फ्लाइट एफडी-146 रात 10:35 बजे अमौसी आती है और लखनऊ से रात 11:05 बजे बैंकॉक जाती है। शनिवार को लखनऊ से रवाना होने वाली एयर इंडिया एक्सप्रेस की आईएक्स-106 कैंसिल कर दी गई। इससे करीब 200 लोगों को यात्रा निरस्त करनी पड़ी।