बांदा व सहारनपुर मेडिकल कॉलेजों में आगामी सत्र (2015-16) से पढ़ाई शुरू हो जाएगी। इनके शुरू होने से प्रदेश में सरकारी कोटे की एमबीबीएस की 200 सीटें और बढ़ जाएंगी।
इसके लिए प्रदेश सरकार इनमें सरकार मेडिकल काउंसिल ऑफ इंडिया (एमसीआई) का निरीक्षण कराने जा रही है। निरीक्षण से पहले शेष कामों को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।
सहारनपुर मेडिकल कॉलेज बनकर तैयार हो चुका है। यहां पर डॉक्टरों की भी तैनाती हो गई है। एमसीआई के मानकों के अनुसार भवन में मिली कमियों को सरकार ने तत्काल दुरुस्त करने के निर्देश दिए हैं।
बांदा मेडिकल कॉलेज की भी तैयारी लगभग पूरी है। सरकार ने 206 पद शैक्षिक व गैर शैक्षणिक के स्वीकृत कर चुकी है। यहां पर 94 पद चतुर्थ श्रेणी के भी स्वीकृत हो चुके हैं।
इनमें कई पदों पर भर्तियां भी हो गई हैं। यहां पर ओपीडी सेवा भी शुरू कराने की तैयारी है।
अभी प्रदेश में सरकारी मेडिकल कॉलेजों की करीब 1100 सीटें हैं। इन कॉलेजों के शुरू हो जाने से 200 सीटें और बढ़ जाएंगी।
प्रमुख सचिव चिकित्सा शिक्षा अरविंद कुमार ने बताया कि दोनों मेडिकल कॉलेजों में आगामी शैक्षिक सत्र से पढ़ाई शुरू करवा दी जाएगी। इस बार सीपीएमटी की प्रवेश परीक्षा में इन कॉलेजों में भी दाखिले दिए जाएंगे।
राजकीय मेडिकल कॉलेज, बांदा-100
राजकीय मेडिकल कॉलेज, सहारनपुर-100