लखनऊ। केजीएमयू में मरीजों से सर्जिकल सामान के नाम पर हो रही वसूली के मामले में विश्वविद्यालय प्रशासन ने सख्ती दिखाई है। अमर उजाला में खबर प्रकाशित होने के बाद मंगलवार को शताब्दी फेज-1 स्थित इंटरवेंशनल रेडियोलॉजी की ओटी में मरीजों से ग्लव्स, गाउन, गॉज और नमूने रखने के कंटेनर जैसे जरूरी सामान बाहर से मंगवाने पर रोक लगा दी गई। संस्थान ने मरीजों को ये सामान मुफ्त उपलब्ध कराया। इससे मरीजों और तीमारदारों को बड़ी राहत मिली है।
केजीएमयू के इंटरवेंशनल रेडियोलॉजी विभाग में बिना बड़ी सर्जरी के शरीर के भीतर की बीमारियों का निदान और उपचार किया जाता है। इसके लिए एक्स-रे, अल्ट्रासाउंड, सीटी स्कैन और एमआरआई जैसी इमेजिंग तकनीकों की मदद से बारीक सुई, तार और कैथेटर शरीर के भीतर पहुंचाए जाते हैं। इस प्रक्रिया में इस्तेमाल होने वाले कई जरूरी सर्जिकल आइटम मरीजों को मुफ्त उपलब्ध कराने का प्रावधान है, जबकि अन्य सामान हॉस्पिटल रिवॉल्विंग फंड (एचआरएफ) से सस्ती दरों पर मिलता है।
इसके बावजूद ओटी में मरीजों को ग्लव्स, गाउन, गॉज और नमूने रखने के कंटेनर जैसे सामान बाहर से खरीदने के लिए कहा जा रहा था। स्टाफ की ओर से परची थमाकर तीमारदारों को बाजार से सामान लाने के लिए भेजा जाता था। इससे मरीजों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा था।
केजीएमयू के प्रवक्ता डॉ. केके सिंह ने बताया कि सर्जिकल सामान मरीजों को मुफ्त उपलब्ध कराया जाता है। जिन सामानों की खरीद जरूरी होती है, वे एचआरएफ में उपलब्ध हैं। बाहर से सामान मंगवाने का मामला सामने आने के बाद इस पर रोक लगा दी गई है। इसमें संलिप्त कर्मचारियों को चिह्नित कराया जा रहा है।