होटल कान्हा कांटीनेंटल में पीएचडी चैंबर ऑफ कामर्स एंड इंडस्ट्री लखनऊ एंड लाहौर व उत्तर प्रदेश टूरिज्म आर्गनाइजेशन की ओर से आयोजित इंडो-पाक ट्रेड फेयर एंड फूड फेस्टिवल में बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने मारपीट और तोड़-फोड़ की।
शुक्रवार को फेस्टिवल का उद्घाटन करके डीएम डॉ. रोशन जैकब जैसे ही गईं, वहां बजरंग दल के कार्यकर्ता पहुंच गए। नारेबाजी की। होटल के गार्डों को पीटा। ट्रेड फेयर के पोस्टर, बैनर फाड़ डाले। स्टैंड पोस्ट तोड़ डाले।
बाद में नजीराबाद पुलिस पहुंची पर तब तक उत्पाती भाग चुके थे। पुलिस ने गार्ड की तरफ से नजीराबाद थाने में बलवा, मारपीट, धमकी और तोड़फोड़ की रिपोर्ट दर्ज की है। ट्रेड फेयर में फोर्स तैनात कर दी गई है।
13 अप्रैल तक चलने वाले इस ट्रेड फेयर में दोनों देशों के 65 स्टाल लगाए गए हैं। इसमें पाकिस्तान के 30 स्टाल हैं। कराची, पेशावर, लाहौर, हैदराबाद, गुजरावाला के कारोबारी अपने उत्पाद लेकर आए हैं।
ट्रेड फेयर की आयोजक होमेरा बुखारी और सनी मलिक ने बताया कि शहर में पहली बार ट्रेड फेयर लगाया गया है। पुलिस को आशंका थी कि कुछ लोग ट्रेड फेयर का विरोध और हंगामा कर सकते हैं। इसलिए होटल के भीतर और बाहर फोर्स लगाई गई थी।