यूपी के बहराइच में असलहाधारी बदमाशों ने रविवार की रात फखरपुर थाना क्षेत्र में बहराइच-लखनऊ राजमार्ग किनारे स्थित पांडेय ज्वैलर्स की दुकान पर धावा बोला। बदमाशों ने दुकान का शटर व तिजोरी तोड़ दी और तिजोरी में रखा 25 किलो चांदी व 70 ग्राम सोना उठा ले गए। इस दौरान बदमाशों ने सीसीटीवी भी तोड़ डाला। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना दुकान स्वामी को दी तो उनके होश उड़ गए।
विज्ञापन
चोरी की सूचना पर एएसपी नगर रामानंद कुशवाहा फोरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच की। चोरी की घटना के बाद स्थानीय व्यापारियों में दहशत है और पुलिस पेट्रोलिंग पर सवाल उठ रहे हैं।
फखरपुर थाना क्षेत्र के गजाधरपुर चौराहे पर लखनऊ- बहराइच राजमार्ग के पास पांडेय ज्वैलर्स की दुकान है।
रविवार को प्रतिदिन की भांति दुकान स्वामी प्रभाकर पांडेय अपनी दुकान बंद कर घर चले गए थे। इस दौरान देर रात लगभग पौने दो बजे पांच से अधिक असलहा धारी बदमाशों ने इनकी दुकान पर धावा बोल दिया। बदमाश ज्वेलर्स की दुकान के शटर का ताला काट दुकान में दाखिल हुए और दुकान में रखी तिजोरी को सब्बल से तोड़ दिया।
तिजोरी में रखे सोने-चांदी के आभूषण लेकर रफू चक्कर हो गए। चोरी की घटना को अंजाम देते समय बदमाश सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गए। सुबह आसपास के लोगों ने शटर टूटा देख इसकी सूचना दुकान स्वामी प्रभाकर पांडेय को दी। सूचना पर रोते बिलखते प्रभाकर दुकान पहुंचे और वहां का नजारा देख बिलख पड़े।
30 लाख से अधिक की चोरी को दिया अंजाम
पीड़ित दुकान स्वामी प्रभाकर पांडेय ने बताया कि दुकान व तिजोरी में मिला कर 25 से 30 किलो चांदी व आभूषण रखे थे। वहीं लगभग 70 ग्राम सोना व सोने का आभूषण रखा था। उन्होंने बताया कि बदमाश लगभग 30 लाख से अधिक का सामान उठा ले गए।
व्यापारियों में असलहाधारी बदमाशों की दहशत
चोरी का सीसीटीवी देखने के बाद से फखरपुर व गजाधरपुर चौराहे के व्यापारियों में दहशत का माहौल है। व्यापारियों का कहना है, कि असलहा लेकर पहुंचे बदमाशों ने जिस फुर्ती से घटना को अंजाम दिया है, उससे दहशत है। वहीं इस दौरान लोगों ने हाईवे से सटी दुकान में चोरी के बाद पुलिस की सक्रियता को भी घेरा।
घटना की सूचना के बाद फखरपुर थाना प्रभारी अभिनव कुमार सिंह टीम के साथ पहुंचे और जांच पड़ताल कर जल्द खुलासे का आश्वासन दिया। वहीं एएसपी नगर रामानंद कुशवाहा व फोरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल की।