कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग में धर्मापुर के बाद अब सुजौली रेंज में भी बाघों के हमले शुरू हो गए हैं। इस माह बाघ के हमले में दो लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि जनवरी से अब तक बाघ के हमलों में पांच लोगों की जान गई है। रविवार को मुखिया फार्म में हुए हमले में युवक की मौत के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।सुजौली रेंज के रमपुरवा मुखिया फॉर्म निवासी संजीत कुमार (21) की रविवार को बाघ के हमले में मौत के बाद से गांव के लोग दहशत में हैं, वहीं परिजन बिलख रहे हैं। पत्नी, मां और बच्चों की आंखों से आंसू थम नहीं रहे। घर में मातम पसरा हुआ है।
गांव के लोग अब खेत की ओर जाने से भी डर रहे हैं। इससे पहले जनवरी में भी इसी रेंज में एक ग्रामीण बाघ का शिकार हो चुका है। धर्मापुर रेंज में भी एक माह के भीतर हमलों में एक युवक की मौत हो चुकी है, जबकि तीन लोग अब तक घायल हो चुके हैं।
ग्रामीणों ने बताया कि उनके गांवों के आसपास कम से कम दो से तीन बाघ लगातार घूम रहे हैं, लेकिन अब तक न तो पिंजरा लगाया गया है और न ही ट्रैकिंग टीम नियमित रूप से गश्त कर रही है। ग्रामीणों का कहना है कि विभाग के कर्मचारी मौके पर सिर्फ दिखावे के लिए पहुंचते हैं और औपचारिकता निभाकर चले जाते हैं।
हरखापुर के पूर्व ग्राम प्रधान नवी अहमद ने बताया कि पिंजरा वन रेंज कार्यालय में है, लेकिन अधिकारी आदेश का हवाला देकर इसे नहीं लगा रहे। स्थिति यह है कि गांव के लोग जंगल किनारे खेतों में जाने से कतराने लगे हैं। ग्रामीणों ने साफ कहा है कि यदि जल्द कार्रवाई न हुई तो वे धरना-प्रदर्शन का रास्ता अपनाने को मजबूर होंगे।