बहराइच जिले के कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग में शनिवार को गस्ती पर निकली वन विभाग की टीम को एक बाघ का शव पड़ा मिला। शव देख वन विभाग में हड़कंप मच गया। वन टीम ने उच्चाधिकारियोंं को सूचना देते हुए बाघ के शव को रेंज कार्यालय पहुंचाया। जहां एनसीटीए के गाइडलाइन के अनुसार शव का पोस्टमार्टम किया गया।
कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग के कतर्नियाघाट वन रेंज के सदर बीट में शनिवार की सुबह वन विभाग की गस्त कर रही थी। इस दौरान एक नर बाघ का शव पड़ा मिला। शव देख वन टीम ने तत्काल इसकी सूचना डीएफओ बी. शिवशंकर व उच्चाधिकारियों को दी। सूचना पर डीएफओ बी. शिवशंकर व दुधवा नेशनल पार्क के फील्ड डायरेक्टर एच राजा मोहन मौके पर पहुंचे और जांच पड़ताल की। जांच के बाद तीन पशु चिकित्सकों डाॅ. दीपक, डाॅ. दयाशंकर व डाॅ. विपिन चन्द्र की टीम ने शव का पोस्टमार्टम किया। पोस्टमार्टम में बाघ की उम्र लगभग 12 वर्ष बताई जा रही है। पोस्टमार्टम के बाद शव वन रेंज कार्यालय परिसर में जलाकर नष्ट कर दिया गया।
मीडिया पर पाबंदी, छिपाने में जुट रहे अफसर
कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग में लगातार वन्यजीवों की हो रही मौत को अब वन विभाग के अफसर छिपाने में भी जुट गए हैं। शनिवार को 12 वर्ष के नर बाघ की मौत को भी छिपाने का प्रयास किया गया। जहां एक ओर मीडिया कर्मियों को रेंज कार्यालय में जाने से रोका गया तो वहीं दूसरी और अधिकारियों ने फोन भी नहीं उठाए।
डीएफओ के कार्यकाल में तीन बाघ व पांच तेंदुओं की हुई मौत
बाघों के विचरण के मामले में उत्तर प्रदेश का दूसरा सबसे अधिक बाघों वाला वन अभ्यारण्य कतर्नियाघाट लगातार वन्यजीवों की मौत का गवाह बन रहा है। खास कर वर्तमान डीएफओ बी. शिवशंकर का कार्यकाल बाघ व तेंदुओं को रास आता नहीं दिख रहा है। लगातार जारी तेंदुए व बाघ की मौतों से जहां एक ओर वन्यजीव प्रेमियों में निराशा है तो वहीं वन्यजीव प्रेमी डीएफओ बी. शिवशंकर के प्रशासन पर भी सवालिया निशान खड़े करने लगे हैं। आंकडों पर अगर गौर करेंं तो
बीते तीन सालों में कतर्नियाघाट में छह बाघों की मौत हुई। लेकिन वर्तमान डीएफओ बी. शिवशंकर के 7 जनवरी 2024 से अब तक कार्याकाल में ही तीन बाघों की मौत हो चुकी है। यही नहीं पांच तेंंदुए भी मर चुके हैं।
बाघ की मौतें
- 14 जनवरी 2024 को कतर्नियाघाट वन रेंज स्थित चौधरी चरण सिंह गिरिजा बैराज में बाघिन का शव उतराता मिला।
- 11 मार्च 2024 को सुजौली वन रेंज के धर्मापुर बीट में एक नर बाघ का शव पड़ा मिला।
- 01 फरवरी 2025 को कतनिर्याघाट वन रेंज के सदर बीट में नर बाघ का पड़ा मिला शव।
तेंदुए की मौतें
मृत तेंदुआ
- 11 जनवरी 2024 को कतर्नियाघाट के निशानगाड़ा वन रेंज के ग्राम रमपुरवा में सात जनवरी को घायल मिली मादा तेंदुआ की इलाज के दौरान मौत।
- 20 जनवरी 2024 को कतर्नियाघाट के मुर्तिहा वन रेंज में ग्राम लालबोझा के मजरा चमारनपुरवा के पासा खेत में तेंदुए का शव मिला
- 01 फरवरी 2024 को कतर्नियाघाट के सुजौली वन रेंज में ग्राम सुजौली में राम बड़ई के खेत के किनारे तेंदुए का शव मिला
- 10 अप्रैल 2024 को कतर्नियाघाट के निशानगाड़ा वन रेंज में सरयू नहर के 12 नंबर पुल के किनारे मृत मिला नर तेंदुआ
- 10 जनवरी 2025 को कतनिर्याघाट के सुजौली वन रेंज के कठौतिया गांव के पास खेत में मिला नर शावक का शव