शीर्ष वरीयता प्राप्त भारत की पीवी सिंधु व लक्ष्य सेन ने सैयद मोदी इंडिया इंटरनेशनल एचएसबीसी वर्ल्ड टूर सुपर 300 बैडमिंटन चैंपियनशिप आसान जीत के साथ अपने अभियान की शुरुआत की। सिंधू ने भारत की अनमोल खरब को 21-17, 21-15 और लक्ष्य सेन ने मलेशिया के क्वालिफायर शोलेह ऐदिल को 21-12, 21-12 से पराजित करके प्री क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया। महिला एकल में दूसरी वरीय मालविका बंसोड, पांचवीं वरीय अनुपमा उपाध्याय और पुरुष एकल में तीसरी वरीयता प्राप्त किरन जार्ज व आठवीं वरीय आयुष शेट्टी अंतिम 16 में पहुंच गए। महिला युगल में शीर्ष वरीय अश्विनी पोनप्पा व तनीषा क्रैस्टो की भारतीय जोड़ी के साथ श्रुति मिश्रा व प्रिया कोन्जेंगबम ने भी महिला युगल प्री क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया। प्रतियोगिता में महिला एकल के पहले दौर में जगह बनाने वाले लखनऊ की मानसी सिंह का सफर खत्म हो गया। उन्हें चौथी वरीयता प्राप्त थाइलैंड की पोर्नपिचा ने तीन गेम तक चले कड़े मुकाबले में 13-21, 21-14, 21-17 से हराया।
यूपी बैडमिंटन अकादमी में आयोजित प्रतियोगिता के बुधवार से महिला और पुरुष वर्ग के एकल और युगल मुकाबले शुरू हुए। महिला एकल में पीवी सिंधू को युवा अनमोल खरब ने पहले गेम में कड़ी टक्कर दी, लेकिन बाद में पीवी सिंधू ने चिरपरिचत अंदाज में जोरदार स्मैश जमाते हुए मुकाबला 21-17,21-15 से अपने नाम किया। पुरुष एकल में लक्ष्य सेन ने मलेशियाई प्रतिद्वंद्वी के खिलाफ शुरुआत से ही दबदबा कायम किया और कोर्ट को बेहतर ढंंग से कवर किया। पहला गेम 21-12 से जीतने के बाद लक्ष्य ने पीछे मुड़कर नहीं देखा और दूसरा गेम 21-12 से जीतकर अगले दौर में प्रवेश किया। वर्ष 2022 में मोदी बैडमिंटन की उपविजेता रही दूसरी वरीय मालविका बंसोड ने पोलैंड की विक्टोरिया को 21-16, 21-7 से हराया।
महिला एकल के पहले दौर के अन्य मुकाबलों में भारत की उन्नति हुड्डा ने थाईलैंड की थमानोवान एन को 21-12, 21-16, अमेरिका की इशिका जायसवाल ने भारत की क्वालीफायर तन्वी शर्मा को 25-23, 21-8, भारत की इरा शर्मा ने दीपशिखा सिंह को 21-13, 21-19, देविका सिहाग ने नव्या कंडेरी को 19-21, 21-18, 21-11 से, चीन की हान किन झी ने चीनी ताइपे की चेन सू यू को 21-16, 21-16, पांचवीं वरीय भारत की अनुपमा उपाध्याय ने अजरबैजान की कीशा फातिमा को 19-21, 22-20, 21-15 और भारत की तस्नीम मीर ने चीनी ताइपे की यी यिन एच को 21-18, 21-15 से हराकर अंतिम 16 में प्रवेश किया।
प्रतियोगिता के महिला युगल में गत वर्ष की उपविजेता भारत की अश्विनी पोनप्पा व तनीषा क्रैस्टो की शीर्ष वरीय जोड़ी ने भारत की इशु मलिक व तनु मलिक को 21-12, 21-10 से हराया, जबकि इसी वर्ग में लखनऊ की श्रुति मिश्रा ने प्रिया कोन्जेंगबम ने भारत की वैष्णवी खेडेकर व अलीशा खान को 21-14, 21-12 से हराकर प्री क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया। इस वर्ग के अन्य मुकाबलों के तहत भारत की कविप्रिया व सिमरन सिंघी ने भारत की अपर्णा बालान व गौरी कृष्णा टीआर को 21-11, 21-14, चौथी वरीय भारत की रुतुपर्णा पांडा व स्वेतपर्णा पांडा ने भारत की रितुपर्णा दास व प्रणिका होल्कर को 21-10, 21-16 से हराया।
ऐसे रहे पुरुष एकल मैचों के नतीजे
पुरुष एकल के पहले दौर में भारत के आठवीं वरीय आयुष शेट्टी ने भारत के ही रघु मारीस्वामी को 21-18, 15-21, 21-16, भारत के तीसरी वरीय किरन जार्ज ने भारत के अलाप मिश्रा को 21-12, 23-21, मलयेशिया के जस्टिन होह ने भारत के मिथुन मंजूनाथ को 21-18, 17-21, 21-17 और आयरलैंड के छठीं वरीय नहत गुयेन ने भारत के चिराग सेन को 21-14, 21-15 से हराकर अंतिम 16 में प्रवेश किया। प्रतियोगिता के पुरुष युगल के पहले दौर में भारत के ईशान भटनागर व शंकर प्रसाद उदयकुमार ने थाईलैंड के नेओदांग व सोनगोपन से मा को 21-17, 22-24, 21-18 और भारत के प्रकाश राज व गौस शेख ने भारत के ही आयुष मखीजा व सुजोय तंबोली को 25-23, 21-16 से पराजित किया। मिश्रित युगल में भारत के दूसरी वरीय सतीश कुमार करुणाकरन व आद्या वी. की जोड़ी ने भारत के गणेश विठ्ठल जी व शिवानी संतोष सिंह को 21-18, 19-21, 21-15 से हराते हुए अंतिम 16 में जगह बनाई।