बड़ी खबर आ रही है कि कांग्रेस के उपाध्यक्ष राहुल गांधी भी बब्बर खालसा और आईएम के निशाने पर हैं।
इसी लिहाज से उनकी सुरक्षा के बंदोबस्त किए जा रहे हैं। उनकी सुरक्षा का बंदोबस्त करने के लिए एसपीजी के एआईजी संजय चौहान के नेतृत्व में आठ सदस्यीय टीम बनारस पहुंच गई है।
गौरतलब है कि राहुल 28 फरवरी को बाराबंकी के देवां शरीफ में मत्था टेककर चादर चढ़ाएंगे। एक मार्च को राहुल गांधी बनारस जाएंगे। वहां पर बाबा विश्वनाथ के दर्शन करेंगे। इसके बाद रिक्शे वालों के साथ एक बैठक करेंगे।
राहुल इनसे भी जानने का प्रयास करेंगे कि क्या दिक्कतें हैं। वहां सद्भावना यात्रा में भी राहुल शामिल होंगे। मिर्जापुर में कांग्रेस की जनसभा को भी राहुल संबोधित करेंगे।
केजरीवाल स्टाइल में रोड शो करेंगे राहुल
आगामी लोकसभा चुनाव के लिए कांग्रेस के जनसंपर्क अभियान का श्री गणेश बाराबंकी से 28 फरवरी को होगा।
इस दिन कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी रोड शो के जरिए जनसंपर्क कर आम आदमी की नब्ज टटोलेंगे।
बुधवार को अपने आवास पर वार्ता के दौरान राहुल गांधी के कार्यक्रम के बारे में जानकारी देते हुए सांसद डॉ. पीएल पुनिया ने बताया कि रोड शो के दौरान किसी तरह के मंच की व्यवस्था नहीं की गई है।
पुनिया ने यह भी बताया कि राहुल की गाड़ी में ही माइक व साउंड लगे रहेंगे जिससे वह जनता से बात करेंगे।
चादर चढ़ाने के बाद पहुंचेंगे लखनऊ
सांसद ने बताया कि पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के राहुल का काफिला अब शहर के अंदर धनोखर चौराहे की ओर न जाकर नेबलेट तिराहे से लाजपत नगर होते हुए हाईवे पर निकल जाएगा।
राहुल के साथ पूर्व केंद्रीय मंत्री मोहसिना किदवई भी मौजूद रहेंगी। कार्यक्रम प्रभारी व प्रदेश कांग्रेस महामंत्री ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह व प्रदेश संगठन मंत्री संदीप सिंह ने बताया कि देवां में मजार पर चादर चढ़ाने के बाद राहुल गांधी लोगों से मिलकर उनकी समस्या भी सुनेंगे।
इसके बाद राहुल लखनऊ का रुख करेंगे। राजधानी में वह शहीद पथ पर कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगे, फिर पिकैडली होटल पहुंचकर संपादकों व वरिष्ठ पत्रकारों से मुलाकात करेंगे।
बेनी के सवाल पर साध ली चुप्पी
पत्रकार वार्ता के दौरान जब सांसद पीएल पुनिया से पूछा गया कि राहुल गांधी के कार्यक्रम में केंद्रीय इस्पात मंत्री बेनी प्रसाद वर्मा मौजूद रहेंगे या नहीं तो वह इसका जवाब देने से बचते नजर आए।
पुनिया ने कहा कि बेनी प्रसाद वर्मा वरिष्ठ नेता हैं, वह कार्यक्रम में रहेंगे या नहीं इस बात को कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ही बता सकते हैं।
गौरतलब है कि कुछ दिनों पहले बेनी प्रसाद वर्मा ने राहुल गांधी के टिकट बंटवारे के नए प्रस्ताव पर सवाल खड़े कर दिए थे।