यूपी एटीएस और पंजाब पुलिस ने एक संयुक्त अभियान में मंगलवार सुबह पंजाब पुलिस के दो वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया।
सतनाम और जितेंद्र सिंह टोनी नाम के दोनों अभियुक्तों पर पिछले दिनों लखनऊ से पकड़े गए बब्बर खालसा के आतंकी बाबा बलवंत को हथियार सप्लाई करने का आरोप है।
यूपी एटीएस ने बलवंत सिंह को 16 अगस्त को लखनऊ से गिरफ्तार किया था। पूछताछ में इन दोनों का नाम सामने आया था।
आईजी एटीएस असीम अरुण ने बताया कि सतनाम को पंजाब पुलिस और एटीएस ने खीरी के कोतवाली से गिरफ्तार किया, जबकि जितेंद्र सिंह टोनी को मैलानी से पकड़ा है।
दोनों अभियुक्तों के विरुद्ध माननीय न्यायलय से वारंट जारी था। यूपी एटीएस के पुलिस उपाधीक्षक डीके पूरी तथा हृदेश कठेरिया के नेतृत्व में टीम को यह सफलता हाथ लगी है।
गौरतलब है कि यूपी एटीएस ने 16 सितंबर को बब्बर खालसा के दो और आतंकियों को हिरासत में लिया था। इनके नाम अमनदीप और हरविंदर हैं।
पंजाब में दोनों पर गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा चल रहा है। इन दोनों को लखनऊ में एक धार्मिक स्थल के पास से गिरफ्तार करने का दावा किया गया है। दोनों की लंबे समय से तलाश थी।