मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ व बाबा रामदेव।
- फोटो : amar ujala
योग गुरु बाबा रामदेव ने कहा है कि नोएडा प्रोजेक्ट का काम अगले साल तक पूरा हो जाएगा। इसके अलावा यूपी सरकार के साथ मिलकर वह प्रदेश में गौसेवा, कृषि, अध्यात्म और धर्म-संस्कृति के क्षेत्र में काम करेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के न्यू इंडिया के संकल्प में योगदान का प्रयास भी करेंगे।
रविवार को बाबा रामदेव ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से पांच कालिदास मार्ग स्थित उनके सरकारी आवास पर मुलाकात की। उनके साथ आचार्य बालकृष्ण भी थे। बाद में बाबा ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी के निर्देशन में गौ-अनुसंधान, गौ-संवर्धन और गौसेवा के साथ कृषि, अध्यात्म, धर्म और संस्कृति के क्षेत्र में काम करना चाहते हैं। सरकार के सहयोग से कार्यों को मूर्तरूप देने का प्रयास रहेगा। इससे प्रदेश का गौरव बढ़ेगा और योगी के सपने साकार होंगे।
उन्होंने कहा, 2018 तक नोएडा का प्रोजेक्ट पूरा हो जाएगा। बाबा नोएडा में आयुर्वेद व फूड पार्क की स्थापना कर रहे हैं। 430 एकड़ क्षेत्र में बनने वाले इस फूड पार्क से करीब 18 हजार युवाओं को रोजगार मिलने की संभावना है।
रामदेव ने कहा,प्रधानमंत्री मोदी जिस दिव्य भव्य भारत (न्यू इंडिया) का सपना लेकर बढ़ रहे हैं, उसमें पतंजलि किस तरह योगदान दे सकता है, इस पर विस्तार से चर्चा हुई है। उन्होंने आशा जताई कि मोदी के नेतृत्व में पतंजलि कुछ बड़े काम यूपी में कर सकेगा।