लखनऊ के सरोजनीनगर के बिजनौर स्थित आर्यकुल कॉलेज के पास मंगलवार सुबह ईंट लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली ने स्कूटी सवार बी-फार्मा की छात्रा शिल्पी रावत (21) को रौंद दिया। खून से लथपथ छात्रा को तड़पता देख ड्राइवर ट्रैक्टर-ट्रॉली छोड़कर मौके से भाग निकला।
हादसे की जानकारी मिलते ही कॉलेज के छात्रों व राहगीरों का आक्रोश फूट पड़ा। 20 लाख रुपये मुआवजे की मांग करते हुए बिजनौर चौराहा पर सड़क जाम कर हंगामा व प्रदर्शन शुरू कर दिया। पुलिस ने हटाने की कोशिश की तो छात्र उग्र होकर तोड़फोड़ व पथराव करने लगे।
लाठीचार्ज कर छात्रों को खदेड़ा गया। करीब एक घंटे तक हंगामा और बवाल के चलते यातायात अव्यवस्थित हो गया। दोपहर बाद पुलिस ने ड्राइवर बंथरा के ठकुरईनखेड़ा निवासी सुनील सिंह को गिरफ्तार कर लिया।
इंस्पेक्टर ने बताया कि शिल्पी मोहनलालगंज के हरिकंशगढ़ी निवासी जीतराम की बड़ी बेटी थी और आर्यकुल कॉलेज फॉर्मेसी एंड रिसर्च से बी-फार्मा की पढ़ाई कर रही थी। जीतराम इलाके में ही क्लीनिक चलाते हैं।
मंगलवार सुबह शिल्पी स्कूटी से कॉलेज जा रही थी। बिजनौर चौराहे पर सड़क पार करते वक्त मोहनलालगंज की तरफ से आ रही बेकाबू ट्रैक्टर-ट्राली ने उसकी स्कूटी में जोरदार टक्कर मार दी। शिल्पी उछलकर दूर गिरी और ट्रैक्टर-ट्राली ने उसे रौंद दिया। छात्रा को खून से लथपथ तड़पते देख ट्रैक्टर-ट्राली चालक के होश उड़ गए।
वाहन छोड़कर वह भाग निकला। हादसे की सूचना कॉलेज पहुंची तो सैकड़ों छात्र मौके पर आ गए। शिल्पी को ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया जहां उसने दम तोड़ दिया। कॉलेज प्रशासन ने शिल्पी के परिवारीजनों को हादसे की जानकारी दी तो कोहराम मच गया।
सड़क पर गम और गुस्से का इजहार करते कुछ छात्रों ने पथराव व तोड़फोड़ शुरू कर दी। हालात बेकाबू होते देख पुलिस ने लाठीचार्ज किया। लाठीचार्ज व भगदड़ में कई छात्रों को चोटें आई हैं। इंस्पेक्टर ने बताया कि जीतराम की तरफ से अज्ञात ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। ट्रैक्टर-ट्राली चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है।