संयुक्त बीएड प्रवेश परीक्षा 2022 का पेपर ओवर आल आसान रहा। इससे परीक्षा देकर निकले अभ्यर्थियों के चेहरे पर मुस्कान खिली रही। ज्यादातर ने अच्छे अंक आने की उम्मीद जताई है। अभ्यर्थियों के अनुसार प्रथम पेपर में इंग्लिश, हिंदी, हिस्ट्री, जीके, करेंट अफेयर्स, राजनीति से संबंधित प्रश्न पूछे गए थे। इंग्लिश और हिंदी में से किसी एक भाग के प्रश्नों के उत्तर देने थे। प्रथम पेपर बहुत आसान बताया। जीके व करेंट अफेयर्स के आसान सवालों ने काफी राहत दी। करेंट अफेयर्स से काफी संख्या में प्रश्न पूछे गए थे। वहीं, दूसरे पेपर में विषय से संबंधित और रीजनिंग के प्रश्न पूछे गए। इसमें रीजनिंग का भाग काफी समय ले गया। इसके प्रश्न उतने कठिन तो नहीं थे, लेकिन उलझाऊ बहुत थे। इसमें गणित, पर्यावरण से भी संबंधित प्रश्न पूछे गए। वहीं, विषय से संबंधित सवाल आसान थे। दोनों ही पेपर में 100-100 प्रश्न पूछे गए थे। प्रत्येक पेपर 200 अंक का था। एक गलत उत्तर पर एक तिहाई अंक कटेगा।
इनसे संबंधित प्रश्न पूछे गए
अभ्यर्थियों ने बताया कि हाल ही में चर्चा में रहे विषयों पर ज्यादा प्रश्न पूछे गए थे। त्रिरत्न, वेदांत, वृद्धगंगा, फिफा, बौद्धिक संपदा सूचकांक में भारत का स्थान, भूटान की राजधानी, बिरजू महाराज, पराग अग्रवाल, क्वार्ड के देश, सार्क के देश, मिड डे मील के नाम का परिवर्तन, मदर टेरेसा, फॉरेस्ट डे, डॉक्टर्स डे, कुच्चीपुड़ी नृत्य, टेलीफोन का आविष्कार, किताब मिडनाइट चिल्ड्रेन, इंडिया विंस फ्रीडम, हिंदी में विलोम, पर्यायवाची, संधि, अशुद्ध शब्द आदि से संबंधित प्रश्न पूछे गए थे।
89 प्रतिशत रही उपस्थिति
बीएड प्रवेश परीक्षा के लिए लखनऊ में 61 केंद्र बनाए गए थे। हर केंद्र पर पुख्ता व्यवस्था रही। दो-दो ऑब्जर्वर, सेंटर सुप्रीटेंडेंट, सेंटर रिप्रजेंटेटिव, स्टैटिक मजिस्ट्रेट समेत पुलिस फोर्स की तैनाती थी। लविवि के कुलपति प्रो. आलोक कुमार राय ने प्रवेश परीक्षा के दौरान श्री जय नारायण पीजी कॉलेज, इस्लामिया डिग्री कॉलेज और बीएसएनवी पीजी कॉलेज का निरीक्षण किया। राजधानी में 29646 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। इनमें से 26421 उपस्थित और 3225 अनुपस्थित रहे। कुल 89 फीसदी अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। वहीं, लखनऊ समेत पांच जिले हरदोई, सीतापुर, रायबरेली और लखीमपुर में भी बीएड प्रवेश परीक्षा की व्यवस्था की जिम्मेदारी लविवि प्रशासन की थी। लविवि के नोडल समन्वयक प्रो. राकेश द्विवेदी ने बताया कि पांच जिलों में 123 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। पांचों जिलों के लिए 55763 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। इनमें से प्रथम पाली में 50858 और दूसरी पाली में 55763 अभ्यर्थी उपस्थित रहे।