मेयर दिनेश शर्मा व कैबिनेट मंत्री आजम खां।
नगर निगम के कल्याण मंडप लोकार्पण और जोनल कार्यालय के शिलान्यास कार्यक्रम में मंगलवार को पहुंचे नगर विकास मंत्री आजम खां बोले तो महज पांच मिनट, मगर वे अपने मिजाज के अनुरूप भाजपा और बसपा पर निशाना साधने से नहीं चूके।
शुरुआत तो नोटबंदी पर चुटकी से की लेकिन आकर रुके महापौर डॉ. दिनेश शर्मा पर। कहा- वैसे तो यूपी में समाजवादी सरकार आएगी, मगर अच्छे दिन आ जाएं तो मेयर साहब, मेरे मेडिकल कॉलेज पर बुलडोजर न चलवाइएगा।
मायावती ने चलाया था, पांच साल पूरे होने को हैं, मगर वापसी मुश्किल है। महापौर को दलों से इतर अच्छा आदमी बताते हुए कहा, मेयर साहब हमारी बात नहीं मानेंगे मगर ऐसे लोग तो समाजवादी होते हैं। यही लोकतंत्र है। यदि लोकतंत्र न होता तो मुझ जैसा आदमी यहां तक नहीं पहुंच पाता।
'कैलेंडर बदल रहे हैं और लोग अच्छे दिनों की बात कर रहे हैं'
- फोटो : amar ujala
कल्याण मंडप की सराहना करते हुए कहा-विकास के जो कार्य कराए गए हैं, उससे प्रदेश में फिर से समाजवादी सरकार आएगी। महापौर से चुटकी लेते हुए कहा, जिस तरह आजकल अच्छे दिन आए हैं, यदि आगे आ जाएं तो मेयर साहब मेरे मेडिकल कॉलेज पर बुलडोजर मत चलवाइएगा।
नोटबंदी को लेकर उन्होंने कहा, अब तक कैलेंडर बदल रहे हैं, मगर लोग अच्छे दिन की बात कर रहे हैं। उन्होंने एक मुशायरे का हवाला देते हुए नोटबंदी पर एक जोक भी सुनाया।
धुर विरोधी दल के नेता से दिल का रिश्ता होना बड़ी बात
लखनऊ और गाजियाबाद के मेयर से दिल का रिश्ता होने की बात कहते हुए कहा, धुर विरोधी दल के चुने हुए नेताओं में चंद नेताओं से मेरा दिल का रिश्ता है, क्योंकि वह नेक इंसान हैं। यही लोकतंत्र है। गाजियाबाद का हज हाउस दुनिया का सबसे बेहतरीन हज हाउस है। वहां के मेयर ने भी बहुत सहयोग किया।
रामपुर का मेडिकल कॉलेज राष्ट्रपति भवन से बेहतर
- फोटो : amar ujala
रामपुर में बेहतर शिक्षा और चिकित्सा संस्थान बनाने का दावा करते हुए कहा- राजधानी केलोरेटो की तर्ज पर सीबीएसई का यह स्कूल है, मगर फीस महज तीस रुपये है।
हमारे यहां साठ हजार में इंजीनियर बन जाते हैं। मेडिकल कॉलेज तो राष्ट्रपति भवन की तरह है। रामपुर आकर देखने का न्यौता देते हुए कहा, अस्पताल को देख लेंगे तो फिर राष्ट्रपति भवन देखने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
जहां बच्चे पढ़ते हैं वह हिस्सा साउथ ब्लॉक की तरह है और जहां कैंटीन है, वह पार्लियामेंट की तरह है।