प्रदेश में अपनी पार्टी की बुरी गति से तिलमिलाए सपा के कैबिनेट मंत्री आजम खां ने इस बार नरेंद्र मोदी द्वारा गंगा आरती किए जाने के बहाने उन पर निशाना साधा है।
भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी की गंगा आरती और शनिवार को वाराणसी को साफ-सुथरा बनाए जाने की बात पर आजम खां ने रविवार को पत्रकार वार्ता में कहा कि हम खामोशी से काम करने में विश्वास रखते हैं।
आजम ने कहा कि नरेंद्र मोदी वाराणसी की सफाई की बात कर रहे हैं लेकिन हम काफी पहले से ही खामोशी से इस पर काम कर रहे हैं।
आजम के अनुसार वाराणसी पहले से ही यूपी सरकार की वरीयता में है। काशी को स्वच्छ और सुंदर बनाने की कई योजनाएं पहले से चल रही हैं।
वाराणसी सपा सरकार की प्राथमिकता
शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने का अभियान चल रहा है, सड़कें चौड़ी की जा रही हैं। सीवरेज सिस्टम बदलने का काम हो रहा है। अगर केंद्र में आने वाली नई सरकार वाराणसी के विकास के लिए फंड उपलब्ध कराती है तो और तेजी से काम होगा।
वाराणसी में विकास की कई योजनाएं चल रहीं हैं। वाराणसी यूपी का शहर है, यहां का विकास करना हमारी प्राथमिकता रही है। कहा कि पिछली सरकार में हमने इलाहाबाद में एक ऐसा फ्लाईओवर बनाने की योजना बनाई थी, जो शहर से होते हुए सीधे संगम पर पहुंचे।
बसपा सरकार ने इस योजना को ठंडे बस्ते में डाल दिया। अब जल्द ही इस योजना का शिलान्यास किया जाएगा। कहा कि राज्य सरकारों के पास सीमित साधन होता है।
अगर विकास के लिए केंद्र सरकार फंड मुहैय्या कराए तो तेजी से काम होगा।
अखिलेश नहीं देंगे इस्तीफा
मोहम्मद आजम खां ने कहा कि लोकसभा चुनावों का परिणाम सामने आने के बाद जो लोग यूपी के मुख्यमंत्री के इस्तीफे की बात कर रहे हैं, वो अपनी बीमार मानसिकता का सबूत दे रहे हैं।
यूपी में पूर्ण बहुमत की सरकार है। प्रदेश की परिस्थितियां बिहार से अलग हैं। आजम खां ने कहा कि लोकसभा चुनावों में हार के लिए प्रदेश नहीं, बल्कि केंद्र सरकार जिम्मेदार है। कांग्रेस के पाप की सजा हमें मिल गई।
सपा ने केंद्र को बाहर से समर्थन धर्मनिरपेक्ष ताकतों को मजबूत करने के लिए दिया था।
उन्होंने कहा कि यह बात लालकृष्ण आडवाणी भी मान रहे हैं कि भाजपा की जीत केंद्र सरकार की गवर्नेंस की कमी का नतीजा है।
आजम बोले वादे पूरे करेंगे
चुनाव परिणाम को लेकर सपा नेतृत्व मंथन करेगा। अभी हमारी सरकार के तीन साल बाकी हैं। विकास के जो काम होने हैं, उनको पूरा किया जाएगा।
आजम खां ने कहा कि जनादेश के पीछे की सच्चाई यह है कि मुसलमानों ने जाति-धर्म के आधार पर वोट नहीं दिया है।
कहा कि भाजपा ने देश के लोगों को एक सपना दिखाया है। लोगों ने इस वजह से उनको वोट दिया है। अब वो अपने वादे पूरे कर के दिखाएं।
गौरतलब है कि 16 मई को आए चुनाव परिणाम में सपा को सिर्फ चार सीटें ही मिलीं और ये सभी सीटें मुलायम सिंह के परिवार के सदस्यों की ही हैं।