संसदीय कार्य एवं नगर विकास मंत्री आजम खां ने सोमवार को विधानसभा में कहा कि गंगा को साफ करने के लिए प्रदेश सरकार कोई कसर नहीं छोड़ेगी। गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी गंगा की सफाई के लिए जनता से वादा किया है।
आजम ने कहा कि हमारा वादा है कि गंगा का पानी शुद्ध करेंगे। इसमें गिरने वाले प्रदूषित उत्प्रवाह पर रोक लगाई जा रही है। बहुत से सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट लगाए जा रहे हैं।
भाजपा के सतीश महाना के सवाल के जवाब में आजम ने बताया कि गंगा एवं उसकी सहायक नदियों यमुना व गोमती आदि के प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए गंगा कार्य योजना तथा एनजीआरबीए द्वारा संचालित राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन के तहत कार्ययोजना बनाई गई है।
इसके अंतर्गत गंगा के किनारे 26 और इसकी सहायक नदियों के किनारे स्थित दो नगरों को चिह्नित किया गया है। वर्तमान में इलाहाबाद की छह, वाराणसी की दो, बिठूर (कानपुर), कन्नौज, मुरादाबाद, गढ़मुक्तेश्वर, अनूपशहर व नरौरा की कुल 14 परियोजनाओं पर काम चल रहा है।
इनकी लागत 2256 करोड़ रुपये है। इसके अलावा इलाहाबाद की एक, कानपुर की चार तथा वाराणसी की दो परियोजनाएं केंद्र सरकार को मंजूरी के लिए भेजी गई हैं।