न किसी को सस्पेंड कर पा रहे हैं न हटा पा रहे हैं
- फोटो : amar ujala
संसदीय कार्य व नगर विकास मंत्री मो. आजम खां ने भ्रष्टाचारियों को सजा देने में यह कहते हुए लाचारी जताई कि ’ऊपर’ के लोगों की वजह से बहुत सी चीजें खराब हो गई हैं। उनका इशारा कोर्ट की तरफ था। बोले कि हम किसी को सजा दें तो स्टे लगा दिया जाता है।
फरमान आ जाता है कि वहीं पर रखें। कभी-कभी कह दिया जाता है कि एक नगर पालिका और दे दें। न किसी को सस्पेंड कर पा रहे हैं न हटा पा रहे हैं। लोग जांच में दोषी पाए जाते हैं और बच जाते हैं।
मुगलसराय नगर पालिका में सामानों की खरीद-फरोख में बड़े पैमाने पर धांधली के मामले पर उन्होंने कहा- ’मैने कुछ नहीं लिया, लिया हो तो वापस कर दूंगा।’
बसपा के बब्बन सिंह चौहान ने यह मामला काम रोको प्रस्ताव के जरिये उठाया था। चौहान ने मुगलसराय नगर पालिका में 2748 रुपये के बिजली के पोल 5400 रुपये में, 3.15 लाख का जनरेटर 5.15 लाख रुपये में और 6.34 लाख का आरओ प्लांट 7.86 लाख रुपये में खरीदे जाने का आरोप लगाया।
उन्होंने कहा कि ट्रांसफार्मर, सोलर लाइट व अन्य सामानों की खरीद में भी बड़े पैमाने पर गड़बड़ी की गई है। ये 2012 से फर्जी कोटेशन बनाकर घपला किया गया है।
आजम ने कहा कि वे शिकायत को पूरी तरह से गलत नहीं मानते हैं, लेकिन कुछ कर नहीं सकते। सजा देते हैं तो एक जगह से स्टे आ जाता है।
बोले- बहुत नाराज हूं और सख्त भी हूं लेकिन इनकी (भाजपा) तरह जुबान तो काट नहीं सकते। इस मामले को गंभीरता से लेकर सख्त कार्रवाई करेंगे।