लखनऊ। आयुष्मान मित्रों ने शुक्रवार को डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक के आवास का घेराव कर प्रदर्शन किया। इससे पहले सभी ने सांचीज के दफ्तर पर जाकर विरोध जताया था। आयुष्मान मित्रों का कहना है कि वे आउटसोर्स कंपनी के अधीन काम नहीं करेंगे।
आयुष्मान मित्र सुबह ही डिप्टी सीएम के आवास के बाहर पहुंचे। यहां उन्होंने सीधे स्वास्थ्य विभाग में नियुक्ति देने की मांग की। आयुष्मान मित्रों ने डिप्टी सीएम से मिलने का प्रयास किया, लेकिन मुलाकात नहीं हुई। यहां पुलिस ने उन्हें बसों में भरकर ईको गार्डेन भेज दिया।
आयुष्मान मित्रों का कहना है कि हाईकोर्ट ने पिछले साल आदेश दिया है कि पूर्व की तरह ही आयुष्मान मित्रों की स्थिति को बरकरार रखा जाए। लखनऊ, रायबरेली, सुल्तानपुर समेत कुछ अन्य जिले के सीएमओ कोर्ट का आदेश नहीं मान रहे हैं।