राम मंदिर निर्माण के लिए श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की ओर से 2020 में चलाए गए निधि समर्पण अभियान के दौरान 45 दिनों में करीब 3,500 करोड़ रुपये की सहयोग राशि जुटाई गई थी। इसमें बड़ी संख्या में चेक भी शामिल थे। उस दौरान करीब 100 करोड़ रुपये के चेक तकनीकी कारणों से बाउंस हुए थे। बाद में अधिकांश चेक दोबारा जमा कराकर राशि की भरपाई कर ली गई थी, जबकि करीब 22 करोड़ रुपये के चेक की राशि की रिकवरी बाकी बताई गई थी।
अब बड़े चेक पर बढ़ सकती है जांच
रामलला को हर माह विभिन्न माध्यमों से तीन से चार करोड़ रुपये का दान मिलता है। इसमें नकदी के साथ ऑनलाइन और चेक से मिलने वाला दान भी शामिल है। हर माह करीब एक से डेढ़ करोड़ रुपये का दान चेक के माध्यम से प्राप्त होता है। महिला श्रद्धालु का चेक बाउंस होने के बाद ट्रस्ट बड़ी धनराशि के चेक स्वीकार करने, बैंक में जमा करने और उनकी क्लियरिंग प्रक्रिया में अतिरिक्त सतर्कता बरत सकता है। हालांकि, इस मामले में अब तक ट्रस्ट की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।