नई व्यवस्था में ऑनलाइन बुकिंग के दुरुपयोग को रोकने के लिए सत्यापन आधारित प्रणाली भी विकसित की जा रही है। अग्रिम पास के लिए आवेदन करते ही उसकी तत्काल पुष्टि नहीं होगी। आवेदन के बाद तकनीकी सत्यापन किया जाएगा और सामान्यतः 24 से 48 घंटे के भीतर पास जारी करने संबंधी निर्णय की सूचना दी जाएगी। आवेदन जमा होना पास की पुष्टि नहीं माना जाएगा। इस प्रक्रिया से असामान्य और संदिग्ध बुकिंग गतिविधियों की पहचान करने में मदद मिलेगी। हालांकि, दर्शन वाले दिन जारी होने वाले तत्काल पास की पुष्टि तुरंत की जाएगी। उन पर 24 से 48 घंटे की प्रतीक्षा अवधि लागू नहीं होगी।
ट्रस्ट ने स्पष्ट किया है कि सुगम दर्शन पास पूरी तरह निःशुल्क हैं। इसके लिए किसी भी व्यक्ति को कोई शुल्क देने की जरूरत नहीं है। श्रद्धालुओं से शुल्क मांगे जाने या वसूली किए जाने की स्थिति में सीधे ट्रस्ट तक शिकायत पहुंचाने की व्यवस्था की जा रही है। इसके लिए प्रत्येक पास पर शिकायत संबंधी सूचना प्रमुखता से अंकित की जाएगी। ट्रस्ट के अनुसार, शिकायत के लिए जारी मोबाइल नंबर 8009522111 को आगामी एक सप्ताह में सक्रिय करने की तैयारी है।