श्रीरामजन्मभूमि तीर्थक्षेत्र ट्रस्ट को जमीन का एग्रीमेंट करने वाले सुल्तान अंसारी ने ‘अमर उजाला’ से बातचीत करते हुए कहा कि सपा के पूर्व मंत्री तेजनारायण पांडेय व आप नेता संजय सिंह का आरोप सरासर गलत है। जिस जमीन को लेकर सवाल उठाया गया है, उसका वर्ष 2011 से एग्रीमेंट चलता आ रहा है। तब से अब तक चार बार एग्रीमेंट का रिन्यूवल हुआ है। रामजन्मभूमि में हमारी आस्था है, राम के काम के लिए जमीन दी है। जमीन का सर्किल रेट देखें तो यह जमीन वर्तमान में 24 करोड़ रुपये की है। सारे आरोप गलत हैं, मेरे पास साक्ष्य हैं। पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के साथ फोटो वायरल होने के सवाल पर उन्होंने कहा कि यह सही है कि पहले मैं समाजवादी पार्टी में था, लेकिन अब नहीं हूं। वायरल फोटो काफी पुरानी है।
20 नवंबर 2017-महफूज आलम, जावेद आलम, नूर आलम व फिरोज पुत्रगण मो. आलम निवासी बरवारी टोला थाना रामजन्मभूमि अयोध्या ने गाटा संख्या 242, 242/1, 242/2, 243, 244, 246 रकबा 2.334 हेक्टेयर जमीन कुसुम पाठक पत्नी हरीश पाठक उर्फ स्वामी हरिदास व हरीश पाठक उर्फ स्वामी हरिदास पुत्र स्व हौसिला प्रसाद पाठक निवासी पठकापुर थाना छावनी बस्ती को रजिस्ट्री की।
21 नवंबर 2017--कुसुम पाठक व हरीश पाठक उर्फ स्वामी हरिदास ने इस गाटा की कुल 2.334 हेक्टेयर भूमि का बिना कब्जा एंग्रीमेंट इच्छाराम सिंह व उनके पुत्र बसपा नेता जितेंद्र कुमार सिंह उर्फ बबलू व राकेश कुमार के नाम किया।
07 दिसंबर 2017-उपरोक्त विक्रय विलय अनुबंध का निरस्तीकरण हुआ।
2019-इस भूमि का नया एंग्रीमेंट सुल्तान अंसारी व रविमोहन तिवारी ने हरीश पाठक उर्फ स्वामी हरिदास व कुमुस पाठक से अपने नाम कराया।
18 मार्च 2021-कुसुम पाठक व हरीश पाठक के साथ सुल्तान अंसारी व रवि मोहन तिवारी ने गाटा संख्या 243, 244, 246 रकबा 12080 वर्ग मीटर की रजिस्टी करा ली।
18 मार्च 2021-सुल्तान अंसारी व रवि मोहन तिवारी ने श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र टष्ट को जरिए चंपत राय पुत्र स्व रामेश्वर प्रसाद निवासी राम कचेहरी रामकोट जिला अयोध्या के नाम कब्जा सहित विक्रय अनुबंध कर दिया।