राष्ट्रपति के प्रस्तावित दौरे को देखते हुए जिला प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों ने भी तैयारियां तेज कर दी हैं। मंगलवार को एसपी सुरक्षा बलरामाचारी दुबे के नेतृत्व में एटीएस व अन्य सुरक्षा एजेंसियों की टीमों ने मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों का सूक्ष्म निरीक्षण कर विस्तृत सुरक्षा ब्लू प्रिंट तैयार कर लिया है। दौरे के दौरान अति-संवेदनशील रेड जोन अभेद सुरक्षा कवच में रहेगा।
विशेष रूप से राम जन्मभूमि मंदिर परिसर को लेकर बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू की जाएगी। प्रवेश मार्गों, छतों, आसपास की इमारतों और प्रमुख चौराहों का भौतिक सत्यापन किया गया है। सीसीटीवी कवरेज की समीक्षा के साथ अतिरिक्त कैमरों की स्थापना, ड्रोन निगरानी और एंटी-सबोटाज जांच की रूपरेखा भी तय की गई है। एसपी सुरक्षा के अनुसार रेड जोन में आम आवाजाही पर कड़ी निगरानी रहेगी।
केवल पास धारकों और सत्यापित व्यक्तियों को ही प्रवेश की अनुमति होगी। सुरक्षा के तीन घेरों आंतरिक, मध्य और बाहरी में केंद्रीय व राज्य सुरक्षा बलों की तैनाती की योजना बनाई गई है। बम निरोधक दस्ता, डॉग स्क्वॉड और खुफिया इकाइयों को भी सक्रिय कर दिया गया है।