नव संवत्सर समारोह को भव्य और सुव्यवस्थित रूप से आयोजित करने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण बैठक कारसेवक पुरम में सोमवार की देर शाम आयोजित की गई। बैठक में कार्यक्रम की रूपरेखा, श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा व्यवस्था और व्यवस्थागत तैयारियों पर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने कार्यकर्ताओं को निर्देश दिए हैं कि नव संवत्सर के अवसर पर आने वाले श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपने-अपने क्षेत्र से मेहमानों की लिस्ट 15 फरवरी तक बना कर देने को कहा है। 19 मार्च को होने वाले समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी। साथ ही कार्यक्रम स्थल पर आवश्यक साज-सज्जा, प्रकाश व्यवस्था और सूचना तंत्र को भी दुरुस्त रखने पर जोर दिया।