अयोध्या में कोतवाली रुदौली अंतर्गत स्थित स्टेट बैंक शाखा रुदौली से 20 लाख रुपये लेकर दो बदमाश फरार हो गए। इस मामले में बैंक कर्मियों की घोर लापरवाही उजागर हुई है। घटना के चार घंटे बाद बैंक कर्मियों को घटना की जानकारी हो पाई। देर शाम तक बैंक कर्मी मामले की खुद जांच पड़ताल करते रहे। बैंक प्रबंधक ने देर शाम पुलिस को घटना की जानकारी दी। घटना की जानकारी होते ही कोतवाल शशिकांत यादव, एसएसआई लल्लन सिंह चौकी प्रभारी प्रमोद यादव पुलिस बल ने बैंक शाखा को घेर लिया। देर शाम एसएसपी प्रशांत वर्मा व एसपी ग्रामीण अतुल सोनकर भी मौके पर पहुंचे। सीसीटीवी की जांच में मास्क पहना एक व्यक्ति रुपए लेकर जाता दिखा, पुलिस उसकी पहचान करने का प्रयास कर रही है।
मंगलवार की सुबह दस बजकर 45 मिनट पर दो व्यक्ति बैंक शाखा परिसर में आए। एक व्यक्ति कुर्सी पर जाकर बैठ गया और दूसरा व्यक्ति कैश काउंटर के पीछे चला गया। काउंटर में कैशियर अमित यादव नकदी का काम कर रहे थे। उधर कैशियर के काउंटर के गए व्यक्ति ने पीले झोले में रखे रुपयों से भरा बैग लिया और चला गया। कैश लेकर निकला व्यक्ति कैश आफिस से निकला तो कुर्सी पर बैठे व्यक्ति को हाथ से इशारा किया। उसके बाद वह भी गेट से निकल गया।
बैंक से रुपए गायब करने की घटना सीसीटीवी में कैद हो गयी। शाखा प्रबंधक मनोज कुमार सिंह ने बताया कि बैग में पांच पांच सौ नोटों के चार बंडल थे। कुल 20 लाख रुपए झोले में रखा था। सीसीटीवी फुटेज के मुताबिक घटना 11 बजकर सात मिनट पर हुई। बैंककर्मियों को घटना की जानकारी दोपहर डेढ़ बजे रुपए अयोध्या शाखा भेजने के समय हुई। तब कैशियर बैग खोजने लगे, बैग गायब मिला। डेढ़ बजे से चार बजे तक बैंक प्रबंधन अपने स्तर से दोनों युवकों की पहचान करने में जुट गए। असफल होने पर कोतवाल को घटना की जानकारी दी। घटना से हड़कंप मच गया।
सूचना पर शाम को एसएसपी प्रशांत वर्मा भी मौके पर पहुचे और प्रबंधक से लगभग 20 मिनट तक पूछताछ की। सीसीटीवी फुटेज देखे। पुलिस घटना की जांच पड़ताल में जुटी है। शाखा प्रबंधक मजोज कुमार सिंंह ने पुलिस को तहरीर दी है। एसपी ग्रामीण अतुल सोनकर ने बताया कि घटनास्थल पर जांच की जा रही है। एसएसपी प्रशांत वर्मा ने बताया कि मुक़दमा दर्ज किया जा रहा है। घटना के राजफाश के लिए कई टीमें लगाई गई है। बैंक कर्मियों की लापरवाही सामने आई है।