मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आगमन से पहले राम मंदिर निर्माण समिति के अध्यक्ष नृपेंद्र मिश्र सोमवार की दोपहर अयोध्या पहुंचे और पूरे आयोजन की तैयारियों का विस्तृत निरीक्षण किया।समारोह की तैयारियों को परखने के लिए सीएम योगी आदित्यनाथ मंगलवार को अयोध्या पहुंच रहे हैं। इससे पहले नृपेंद्र मिश्र सोमवार को ही अयोध्या पहुंच गए। समीक्षा बैठक में सीएम योगी आदित्यनाथ के साथ नृपेंद्र मिश्र भी मौजूद रहेंगे।
सोमवार की दोपहर करीब ढ़ाई बजे पहुंचे नृपेंद्र मिश्र सीधे राम जन्मभूमि परिसर पहुंचे। यहां उन्होंने ध्वजारोहण समारोह के मंच, सुरक्षा घेरा, मेहमानों के प्रवेश मार्ग, बैठने की व्यवस्था और तकनीकी तैयारियों का बारीकी से जायजा लिया। साथ ही ट्रस्ट, मंदिर निर्माण समिति और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ स्थल पर ही समीक्षा बैठक की। बैठक में सुरक्षा एजेंसियों, प्रसारण इकाइयों और ट्रैफिक टीम ने अपनी-अपनी तैयारियों की जानकारी दी।
मिश्र ने मेहमानों और वीवीआईपी के सुगम आवागमन पर खास फोकस रखने को कहा। उन्होंने वीआईपी प्रवेश द्वार गेट नंबर 11 यानी आदि शंकराचार्य द्वार के निर्माण की प्रगति भी देखी। शेष काम 20 नवंबर तक पूरा करने का निर्देश दिए। उन्होंने परकोटा में लगाए जा रहे म्यूरल की प्रगति भी जानी। इस दौरान राम मंदिर ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय, ट्रस्टी डॉ़ अनिल मिश्र, डीएम निखिल टीकाराम फुंडे, एसएसपी डॉक्टर गौरव ग्रोवर, मंदिर निर्माण प्रभारी गोपाल राव, आर्किटेक्ट आशीष सोमपुरा, एसपी सुरक्षा बलरामाचारी दुबे सहित अन्य शामिल रहे।