श्रद्धालुओं के लिए एक अच्छी खबर देते हुए राम मंदिर भवन निर्माण समिति अध्यक्ष ने बताया कि सप्त ऋषियों के मंदिर के दर्शन के लिए जल्द ही राम मंदिर ट्रस्ट व्यवस्था करेगा। फिलहाल सुरक्षा कारणों से हर कदम बेहद सावधानी से उठाया जा रहा है, क्योंकि परिसर में अभी भी निर्माण कार्य से जुड़ी कुछ मशीनें सक्रिय हैं। उन्होंने बताया कि इसी माह राम मंदिर ट्रस्ट कुछ निर्णय ले लेगा।
राम मंदिर परिसर में निर्माण कार्याें का निरीक्षण करते नृपेंद्र मिश्र
मार्च 2026 तक राम मंदिर से जुड़े सभी निर्माण कार्य पूरे कर लिए जाएंगे। कार्यदायी संस्था एलएंडटी और टाटा कंसल्टेंसी की ओर से किए जा रहे निर्माण कार्य तय समय सीमा के भीतर पूरे होंगे। एलएंडटी और टाटा कंसलटेंसी का भी काम मार्च तक पूरा हो जाएगा। अस्थायी मंदिर को विकसित करने व हुतात्माओं की स्मृति में निर्माणाधीन स्मारक भी मार्च तक पूरा हो जाएगा। यात्रियों के सामान रखने के हॉल का निर्माण भी जल्द पूरा किया जाएगा।
नृपेंद्र मिश्र ने बताया कि अयोध्या में बनने वाले 300 बेड के आधुनिक चिकित्सालय और टाटा फाउंडेशन की ओर से प्रस्तावित कैंसर अस्पताल के निर्माण को लेकर भी बैठक में चर्चा की गई है। बैठक में प्रमुख सचिव स्वास्थ्य अमित कुमार घोष भी शामिल हुए। इन परियोजनाओं से श्रद्धालुओं के साथ अयोध्या के नागरिकों को भी बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी।