मीडिया से मुखातिब होने पर नागरिक उड्डयन सचिव प्रदीप सिंह करोला ने बताया कि जिलाधिकारी ने शीघ्र ही एयरपोर्ट प्राधिकरण को एयरपोर्ट के लिए जमीन हैंडओवर करने का आश्वासन दिया है। इसके बाद एयरपोर्ट अथॉरिटी निर्माण कार्य की शुरुआत करेगी और वाणिज्यिक आपरेशन शुरू कर दिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि एयरपोर्ट का रन-वे बढ़ाकर दो किलोमीटर तक किया जाएगा। जिससे इस रन-वे पर एटीआर विमान भी लैंड कर सकेंगे। बताया कि पहले रन-वे की लंबाई कम रखी गई थी, लेकिन बीते दिनों मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस एयरपोर्ट को बोइंग 777 विमानों के योग्य बनाने के लिए रन-वे की लंबाई दो किलोमीटर करने का निर्देश दिया था। जिसके अनुपालन में कार्रवाई की जा रही है।
उन्होंने बताया कि जल्द ही श्रीराम एयरपोर्ट सिविल एविएशन से कनेक्ट हो जाएगा। यह एयरपोर्ट प्रदेश का पांचवां अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट होगा।