अयोध्या व रामजन्मभूमि की सुरक्षा के साथ-साथ रामलला के भक्तों की सुविधा पर भी शासन-प्रशासन का ध्यान है। बैठक में शामिल एसपी सिटी विजयपाल सिंह ने बताया कि बैठक में रामजन्मभूमि परिसर की सुरक्षा तो सख्त हो ही रही है, हमारा ध्यान रामलला के भक्तों की सुविधा पर भी है। रामलला के भक्तों की भीड़ तेजी से बढ़ रही है, इसको देखते हुए नया दर्शन मार्ग बनाने पर विचार चल रहा है। बताया कि बैठक में आगामी पंचायत चुनाव को लेकर भी अलर्ट रहने के निर्देश दिए गए हैं। दिल्ली बम धमाके के बाद भी सुरक्षा बढ़ाई गई है।
अयोध्या के डीआईजी व एसएसपी दीपक कुमार का कहना है कि विराजमान रामलला व राममंदिर निर्माण स्थल की सुरक्षा को और भी सख्त करने का प्लान बनाया जा रहा है। राममंदिर निर्माण शुरू होने से पूर्व संपूर्ण अयोध्या अभेद्य सुरक्षा घेरे में होगी। सुरक्षा की हाईटेक व्यवस्था की जा रही है। जीपीएस सिस्टम से सुरक्षा व्यवस्था और भी प्रभावी होगी। सीसीटीवी व वॉच टॉवरों के जरिए रामनगरी के प्रत्येक गतिविधि पर निगरानी रहेगी।