लखनऊ। विकासनगर स्थित एक्सिस बैंक का कैशियर दस्तावेज में हेरफेर कर 11 लाख रुपये लेकर भाग निकला। यह आरोप बैंक के शाखा प्रबंधक ने लगाया है। विकासनगर पुलिस ने शाखा प्रबंधक की तहरीर पर सोमवार को एफआईआर दर्ज कराई है।
शाखा प्रबंधक ब्रजेश कुमार मिश्रा के मुताबिक मनीष तिवारी बैंक में कैशियर था। नौ सितंबर 2025 को वह ड्यूटी के बाद आकस्मिक अवकाश पर चला गया। अवकाश पर जाने से पहले उसने उसी दिन ब्रांच ऑपरेशन मैनेजर मानवेंद्र सिंह की मौजूदगी में ब्रांच रिलेशनशिप ऑफिसर आनंद कुमार को नकदी का कार्यभार सौंपा था। आरोप है कि अगले दिन जब बैंक खुला तो 11 लाख रुपये गायब होने की जानकारी हुई। शाखा प्रबंधक ने बताया कि मामले की जानकारी आनंद ने उन्हें दी। जांच में पाया गया कि आरोपी मनीष ने पांच सौ की नोटों की कुल संख्या में हेरफेर किया। उसने सिस्टम की कैश रिपोर्ट और कैश बैलेंस रजिस्टर में बदलाव किया। जब वाल्ट में लगे कैमरों की जांच की गई की तो पता चला कि आरोपी ने दो सितंबर की समीक्षा में कई बार हेराफेरी की। वाल्ट में भी पांच सौ की नोटों के कई बंडल गायब थे।
बैंक की आंतरिक जांच पूरी होने पर शाखा प्रबंधक ने विकासनगर थाने में शिकायत की। थाना प्रभारी आलोक सिंह ने बताया कि मामले की विवेचना दरोगा प्रवीण कुमार सिंह कर रहे हैं। उन्होंने शाखा प्रबंधक से गबन और आरोपी कैशियर से संबंधी सभी दस्तावेज मांगे गए हैं। साक्ष्य संकलन और गवाही दर्ज होने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।