लखनऊ। ख्वाजा मुईनुद्दीन चिश्ती भाषा विश्वविद्यालय में सेल्फ फाइनेंस के नए कोर्स शुरू होने का रास्ता साफ हो गया है। नौ अक्तूबर को जारी राज्य सरकार के शासनादेश को विश्वविद्यालय ने अंगीकृत कर लिया गया। कुलपति प्रो. अजय तनेजा की अध्यक्षता में 39वीं कार्यपरिषद की बैठक में मंगलवार को यह निर्णय लिया गया।
बैठक में विवि के विकास, शैक्षणिक उन्नयन, प्रशासनिक सुधार के साथ 23 शिक्षकों की कॅरिअर एडवांसमेंट स्कीम (कैस) के तहत पदोन्नति पर मुहर लगाई गई। एक प्रोफेसर पद, आठ एसोसिएट पद, 14 असिस्टेंट प्रोफेसर पद पर पदोन्नत किए गए। विवि में रोवर्स रेंजर्स योजना के तहत संचालित रोवर्स को सुभाष चंद्र बोस रोवर्स क्रू व रेंजर्स को लक्ष्मीबाई रेंजर्स टीम नाम दिया गया।
11 गेस्ट फैकेल्टी की बढ़ी जिम्मेदारी
शैक्षणिक गतिविधियों को सशक्त बनाने के लिए 11 गेस्ट फैकल्टी को विजिटिंग फैकल्टी के रूप में शामिल किया गया। इनमें शिक्षाशास्त्र विभाग के डॉ. ज्योति गुप्ता, अर्थशास्त्र विभाग में आयशा अमन, कंप्यूटर सांइस आईटी विभाग में आशीष कुमार तिवारी, फरजान खान, माजिया शाज, डॉ. विनय कुमार, डॉ. अपर्णा सिंह कुशवाहा, डॉ. अंजली सिंह, डॉ. शरद प्रताप सिंह, सुनेना शाक्य, डॉ. आदेश पटेल हैं।