लखनऊ। काकोरी के बिगहु गांव में जुआ खेलने के दौरान हुए विवाद में रविवार को हुए जानलेवा हमले में घायल ऑटो चालक आशाराम रावत (40) की बृहस्पतिवार दोपहर ट्रॉमा सेंटर में इलाज के दौरान मौत हो गई। इंस्पेक्टर काकोरी सतीश चंद्र राठौर के मुताबिक, नरेंद्र कुमार की तहरीर पर गांव के ही राहुल, रजनू, सचिन, सर्वजीत और पड़ोसी सुजीत के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी। राहुल, रजनू रावत और सचिन को रविवार को ही गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया था। अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
बिगहु गांव निवासी आशाराम के भाई नरेंद्र कुमार रावत के मुताबिक, गांव में जुआ खेलने के दौरान उनके भतीजे रौनक की पड़ोसी राजन उर्फ रजनू रावत और दयाशंकर से झड़प हुई थी। इसी विवाद को लेकर दोनों पक्षों में रंजिश चल रही थी। रविवार सुबह करीब 8:30 बजे राहुल, रजनू, सचिन, सर्वजीत और पड़ोसी सुजीत ने लोहे के बेलचे और डंडों से दोनों भाइयों पर हमला कर दिया। सिर पर चोट लगने से आशाराम को गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें पहले निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां हालत बिगड़ने पर ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया। बृहस्पतिवार दोपहर इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। आशाराम के परिवार में पत्नी और तीन बेटे रौनक, अनुराग व अनिकेत हैं। इंस्पेक्टर ने बताया कि घटना के बाद गांव में कई थानों की पुलिस तैनात की गई थी। हमले में इस्तेमाल किए गए बांस के तीन डंडे भी बरामद किए गए थे। आशाराम की मौत के बाद मामले में हत्या की धारा बढ़ाई जाएगी।