लखनऊ। गंगागंज में शनिवार रात सुल्तानपुर रोड पर हैदरगढ़ की ओर जा रहे ऑटो से तेज रफ्तार वाहन पीछे से टकरा गया। इससे ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गया। इसमें चालक समेत ऑटो सवार चार लोग घायल हो गए। पुलिस ने एंबुलेंस से घायलों को सीएचसी पहुंचाया। वहां डॉक्टर ने बाराबंकी के सुबेहा स्थित इस्माइलपुर निवासी बंटी (27) को मृत घोषित कर दिया, जबकि तीन लोगों की हालत नाजुक देख ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया।
इंस्पेक्टर ब्रजेश कुमार त्रिपाठी के मुताबिक बंटी गांव के ही ऑटो चालक सोनू के साथ शनिवार रात करीब 11 बजे मजदूरी करके वापस लौट रहे थे। उनके साथ सुबेहा के कमेला निवासी महेश भी थे, तभी गंगागंज के पास पीछे से आ रहा तेज रफ्तार वाहन इनकी ऑटो से टकरा गया। हादसे में घायल चालक सोनू व महेश की हालत नाजुक बताई जा रही है। इंस्पेक्टर ने बताया सीसीटीवी फुटेज से टक्कर मारने वाले वाहन की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है।