लखनऊ। लखनऊ विश्वविद्यालय का 69वां दीक्षांत समारोह 31 जुलाई को होगा। ग्रीष्म ऋतु को देखते हुए इस बार नया भारतीय परिधान निर्धारित किया गया है। कुलपति प्रो. जेपी सैनी की अध्यक्षता में हुई बैठक में यह निर्णय लिया गया। प्रशासनिक भवन के मंथन कक्ष में हुई बैठक में गठित सभी समितियों के अध्यक्षों और संयोजकों ने भाग लिया।
विज्ञापन
दीक्षांत समारोह और शोभायात्रा के लिए परिधान में बदलाव किया गया है। पुरुषों के लिए सफेद कुर्ता-पायजामा और मैरून रंग की हाफ जैकेट तय की गई है। महिलाओं के लिए क्रीम रंग की साड़ी और मैरून रंग की हाफ जैकेट निर्धारित की गई है। कुलपति प्रो. जेपी सैनी ने कहा, पूर्व निर्धारित परिधान सर्दियों के अनुकूल था। वर्तमान में गर्मी को देखते हुए शिक्षकों और अतिथियों की सुविधा और स्वास्थ्य सर्वोपरि है। उन्होंने सभी समितियों को समय पर तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए।